नागपुर में खौफनाक वारदात! 13 नाबालिगों ने मिलकर युवक को उतारा मौत के घाट, ₹100 की गांजा पुड़िया पर हुआ विवाद
Nagpur Ajni Ganja Dispute Murder: नागपुर के अजनी में सनसनीखेज हत्या केस में 11 नाबालिग गिरफ्तार। महंगे गांजे को लेकर हुए विवाद में सागर सलामे की चाकू मारकर हत्या। आरोपियों पर बालिग की तरह चलेगा केस।
- Written By: प्रिया जैस
नागपुर अजनी हत्याकांड (डिजाइन फोटो)
Nagpur Ajni Ganja Murder: नागपुर के अजनी थानांतर्गत सावित्रीबाई फुलेनगर में बुधवार की रात हुई युवक की हत्या (Murder) के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ। हत्या करने वाले सभी युवा नाबालिग थे। गांजा महंगे दाम में बेचने को लेकर युवक का आरोपियों के साथ विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते योजनाबद्ध तरीके से युवक को जादू महल के पास बुलाया गया और हथियार बंद नाबालिग उस पर टूट पड़े।
मृतक सोलंकीवाड़ी, सक्करदरा निवासी सागर गिरिधर सलामे (22) सोनझरीनगर में गांजा का धंधा करता था। इस हत्याकांड में कुल 13 आरोपियों का नाम सामने आया है। 11 को पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया है और 2 की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार 17 वर्षीय कुश (नाम बदला हुआ) अपने 4 दोस्तों के साथ ई-रिक्शा में 10 दिन पहले सोनझरीनगर में गांजा खरीदने गया था।
उसने सागर से 1 पुड़िया मांगी। 100 रुपये की पुड़िया के लिए सागर ने 200 रुपये मांगे। इस वजह से कुश और सागर का विवाद हो गया। सागर ने पास पड़े डंडे से कुश और उसके 1 साथी को पीट दिया। बस तभी से उनकी रंजिश चल रही थी। बुधवार की रात 10.30 बजे के दौरान सागर अपनी मोटरसाइकिल पर परिसर में रहने वाले दोस्त हर्षल उर्फ एलेक्स संजय शिंदे (25) के साथ मानेवाड़ा की ओर जा रहा था।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर में अभी और सताएगी चुभती गर्मी; मौसम विभाग बोला- 8 जून को नहीं, अब 10-11 को होगी राहत की बौछार
गोंदिया में लाख व्यवसायी की हत्या, बोरगांव के जंगल में मिला शव
नागपुर: ड्रग्स माफियाओं की खैर नहीं! CM फडणवीस बोले- राज्यभर में जारी रहेगा ‘नो टॉलरेंस फॉर ड्रग्स’ अभियान
पिकनिक बनी मातम: मासूम को बचाने नदी में कूदे दो युवक, कन्हान नदी में तीन की दर्दनाक मौत
13 नाबालिग आरोपियों ने घेरा
तभी 1 आरोपी ने उससे फोन पर संपर्क किया और गांजे की मांग की। उसने सागर को माल लेकर जादू महल के पास बुलाया। सागर और एलेक्स वहां पहुंचे। तभी अलग-अलग दोपहिया वाहनों पर सवार 13 आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। डंडे, राफ्टर और चाकू से सागर पर हमला कर दिया।
एलेक्स ने उसे बचाने का प्रयास किया तो आरोपी उस पर भी टूट पड़े। दोनों अपनी जान बचाने के लिए वहां से भागने लगे। एलेक्स तो निकल गया लेकिन बजरंगनगर गली नंबर 7 के पास आरोपियों ने सागर को दोबारा घेर लिया। चाकू से सपासप वार करके उसे ढेर कर दिया और फरार हो गए।
नागरिकों में मचा हड़कंप
मौका-ए-वारदात पर आंबेडकर जयंती के निमित्त भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया था। संगीत के साथ महाप्रसाद भी चल रहा था और बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। इसी भीड़ के बीच सागर को घेर लिया गया और दोबारा चाकू से हमला कर मौत के घाट उतारा गया। इस घटना से परिसर में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़ें –इतना अपमान…मैं पार्टी छोड़ दूंगा! नागपुर में आपसी कलह की ‘अखाड़ा’ बनी कांग्रेस, राउत की धमकी से मचा हड़कंप
तत्काल कार्यक्रम बंद हुआ और लोग अपने-अपने घरों में निकल गए। सरेआम हत्या (Murder) होने के बावजूद पुलिस को जानकारी देने कोई सामने नहीं आया। वहीं एलेक्स भागता हुआ सक्करदरा तालाब के पास पहुंचा और वहां बेहोश हो गया। कुछ देर बाद होश आने पर दोस्तों से संपर्क किया और उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती किया गया।
बतौर बालिग चलाया जाएगा मुकदमा
पूरी घटना का जायजा लेने के लिए ज्वाइंट सीपी नवीनचंद्र रेड्डी, डीआईजी क्राइम वसंत परेदशी सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से छानबीन की गई। एक-एक कर पुलिस ने 11 आरोपियों को अलग-अलग जगहों से हिरासत में लिया।
अधिकांश आरोपी सावित्रीबाई फुलेनगर के रहने वाले है। जबकि 3 भांडे प्लॉट एरिया में रहते हैं। पकड़े गए आरोपियों की उम्र 16-17 वर्ष है। फिलहाल उन्हें बाल न्याय मंडल के संरक्षण में भेजा गया है। पुलिस सभी के खिलाफ बतौर बालिग मुकदमा चलाने के लिए न्यायालय में अपील करेगी। आरोपी और मृतक का कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं मिला है। इसके बावजूद इतनी बड़ी घटना होना आश्चर्य की बात है।
