इतना अपमान...मैं पार्टी छोड़ दूंगा! नागपुर में आपसी कलह की 'अखाड़ा' बनी कांग्रेस, राउत की धमकी से मचा हड़कंप

Nitin Raut Congress: नागपुर कांग्रेस में बड़ी दरार। नितिन राऊत ने दी पार्टी छोड़ने की धमकी। स्वीकृत सदस्य चयन में 'धोखे' का आरोप। विकास ठाकरे गुट के साथ खींचतान बढ़ी।
Nagpur Congress faces internal rift as Nitin Raut warns of quitting party, alleges ‘pre-planned’ betrayal in member selection.
नितिन राउत (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Updated on

Nitin Raut Resignation Warning: नागपुर महानगरपालिका में प्रशासक काल के 4 वर्षों बाद हुए आम चुनावों में भले ही आपसी मतभेद के चलते कांग्रेस को संभावित जीत नहीं मिली हो लेकिन 34 सीटों के साथ विपक्ष में बैठी कांग्रेस के आपसी विवाद अब तक खत्म होने का नाम नहीं ले रहे हैं।

इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि स्वीकृत सदस्य के चयन को लेकर अब विधायक ठाकरे गुट और विधायक नितिन राउत गुट में ठन गई। यहां तक कि उनके खेमे को इसमें मौका नहीं दिए जाने के कारण ‘अब पार्टी में इतना अपमान हुआ तो मैं कांग्रेस छोड़ दूंगा’ कहते हुए नितिन राउत ने खुली चेतावनी तक दे दी। उन्होंने कहा कि स्वीकृत सदस्य के चयन के समय प्री-प्लान के तहत धोखा दिया गया है।

अंदरूनी कलह खुलकर उजागर

दोनों गुटों के बीच विवाद के चलते फिर एक बार कांग्रेस में बड़ी अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। यह पूरा विवाद महानगरपालिका में स्वीकृत सदस्यों के चयन की प्रक्रिया को लेकर उत्पन्न हुआ। नितिन राउत (Nitin Raut) ने आरोप लगाया है कि सदस्यों के चुनाव के दौरान उनके और उनके समर्थकों के साथ एक सोची-समझी साजिश के तहत धोखा किया गया है। उन्होंने इसे एक ‘प्री-प्लान’ (पूर्व-नियोजित) घात करार दिया है जिसमें जानबूझकर उन्हें दरकिनार करने का प्रयास किया गया।

अपनी गहरी नाराजगी और इस ‘राजनीतिक धोखे’ को लेकर उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ वरिष्ठ नेता विकास ठाकरे से भी औपचारिक रूप से शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि पार्टी के प्रति उनकी वफादारी और योगदान के बावजूद जिस तरह से सदस्य चयन के समय उन्हें किनारे किया गया है, वह उनके लिए एक बड़ा अपमान है।

चरम पर आपसी खींचतान

नितिन राउत (Nitin Raut) का यह बयान स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि शहर कांग्रेस कमेटी के भीतर गुटबाजी और नेताओं के बीच आपसी खींचतान अपने चरम पर है। एक वरिष्ठ नेता द्वारा सार्वजनिक रूप से पार्टी छोड़ने की यह धमकी कांग्रेस संगठन के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सिटी में मजबूत करने के लिए अहम प्रयास किए। लोकसभा चुनाव में उत्तर नागपुर विधानसभा से सर्वाधिक लीड दिलाई। निस्वार्थ भाव से कार्य करने के बावजूद इस तरह का फल दिया जा रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com