खुद को बताया NIA अफसर, दिखाया फर्जी आईकार्ड; एक गलती ने पहुंचाया जेल, जानें क्या है पूरा मामला
Fake NIA Officer in Nagpur: नागपुर में फर्जी NIA अधिकारी गिरफ्तार! क्राइम ब्रांच ने फिल्मी स्टाइल में पीछा कर दबोचा। आरोपी प्रल्हाद सिन्हा ने ट्रांसपोर्टर को फर्जी आईकार्ड दिखाकर धमकाया था।
- Written By: प्रिया जैस
फर्जी एनआईए गिरफ्तार (डिजाइन फोटो)
Nagpur Crime Branch: ट्रांसपोर्टर को धमकाकर फरार हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के एक फर्जी अधिकारी को क्राइम ब्रांच यूनिट-5 की टीम ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर बूटीबोरी इलाके से गिरफ्तार किया। पकड़ा गया आरोपी सातगांव, बूटीबोरी निवासी प्रल्हाद दिलीपकुमार सिन्हा (25) बताया गया। पुलिस ने गुरुनानकपुरा, पांचपावली निवासी हसदीप सिंह परविंदर सिंह भाटिया (43) की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।
भाटिया ट्रांसपोर्टर हैं और कामठी रोड के भिलगांव में उनका द पाम ग्रीन लॉन भी है। जानकारी के अनुसार, प्रल्हाद के पास 3 कारें हैं जिन्हें वह ‘जूम कार’ एप के माध्यम से किराये पर देता है। तीनों कारों में जीपीएस सिस्टम लगा हुआ है। हाल ही में एक व्यक्ति ने उससे एक कार किराये पर ली लेकिन समय पर वापस नहीं की।
फिल्मी स्टाइल में किया पीछा
मंगलवार शाम को जीपीएस के जरिए प्रल्हाद को पता चला कि कार भाटिया के लॉन के सामने खड़ी है। इसके बाद प्रल्हाद ने ऑनलाइन लॉन मालिक का मोबाइल नंबर खोजा और भाटिया से संपर्क किया। उसने खुद को बूटीबोरी पुलिस थाने का निरीक्षक बताते हुए कहा कि चोरी की कार उनके लॉन के सामने खड़ी है और वह मौके पर आ रहा है। साथ ही कार पर नजर रखने को कहा।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर में मानसून के साथ मंडराया स्वाइन फ्लू का खतरा: जुलाई में मिले 21 मरीज, मनपा ने जारी किया अलर्ट!
नागपुर के खापरखेड़ा में गैंगवार से दहशत! नकाबपोश बदमाशों ने तलवारों-चाकुओं से बोला हमला, 3 गंभीर घायल
सुखकर्ता अस्पताल में हंगामा: बीड़ीपेठ के नागरिकों का फूटा गुस्सा, डॉक्टर व प्रशासन पर कार्रवाई की मांग पर अड़े
नागपुर मनपा मुख्यालय बना शराबियों का अड्डा? छठवीं मंजिल पर मिलीं खाली बोतलें, सामाजिक कार्यकर्ता ने खोला पोल
भाटिया लॉन के बाहर आए ही थे कि तभी कार पंचर होने के कारण कार में सवार 3 लोग वाहन वहीं छोड़कर फरार हो गए। कुछ ही देर में प्रल्हाद वहां पहुंच गया और भाटिया से पूछताछ करने लगा। बातचीत के दौरान भाटिया को उस पर संदेह हुआ। इस पर प्रल्हाद ने कहा कि वह पुलिस में नहीं बल्कि एनआईए का अधिकारी है। उसने एनआईए का फर्जी पहचान पत्र भी दिखाया।
मोबाइल नंबर से शुरू की तलाश
भाटिया ने तुरंत मोबाइल से उस पहचान पत्र की तस्वीर खींचकर डीसीपी क्राइम राहुल माकणीकर को भेज दी। दोनों ने पहचान पत्र को फर्जी बताया। इसी दौरान प्रल्हाद डी.एल.10-सी.टी.6226 नंबर की कार से मौके से फरार हो गया। भाटिया ने तत्काल माकणीकर को जानकारी दी जिसके बाद यूनिट-5 के इंस्पेक्टर विनायक गोल्हे ने अपनी टीम के साथ आरोपी के मोबाइल नंबर के आधार पर तलाश शुरू दी।
यह भी पढ़ें – Mayor Election: नागपुर मनपा का नया ‘कैप्टन’ कौन? 6 फरवरी को होगा महापौर चुनाव, जिलाधिकारी संभालेंगे कमान!
बूटीबोरी पुलिस की मदद से प्रल्हाद को सातगांव इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने प्रल्हाद से एनआईए का फर्जी आईकार्ड, मोबाइल फोन और कार जब्त की है। उसे आगे की कार्रवाई के लिए यशोधरानगर पुलिस के हवाले किया गया। यह भी संभावना है कि प्रल्हाद ने एनआईए के नाम और पहचानपत्र का उपयोग कर अन्य लोगों के साथ धोखेबाजी की हो। पुलिस ने उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और पूछताछ जारी है।
