नागपुर के खापरखेड़ा में गैंगवार से दहशत! नकाबपोश बदमाशों ने तलवारों-चाकुओं से बोला हमला, 3 गंभीर घायल
Nagpur Gang Attack: नागपुर के खापरखेड़ा में पुरानी रंजिश को लेकर गैंगवार में तलवार और चाकू से हमला हुआ। तीन युवक गंभीर घायल हुए, पुलिस ने 24 से अधिक आरोपियों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया।
- Written By: अंकिता पटेल
नागपुर, खापरखेड़ा, गैंगवार पुलिस कार्रवाई (सोर्स: नवभारत डिजाइन फोटो)
Khaparkheda Sword Attack Case: नागपुर जिले के खापरखेड़ा में रविवार रात मुख्य बाजार खूनी गैंगवार का अखाड़ा बन गया। पुरानी रंजिश को लेकर सक्रिय हुई कुख्यात ‘दगड़ी चाल गैंग’ के दर्जनों हथियारबंद युवकों ने बाजार में जमकर उत्पात मचाया। तलवार, चाकू और फावड़े से किए गए जानलेवा हमले में तीन युवक गंभीर घायल हो गए।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई और बाजार कुछ समय के लिए बंद जैसा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे गांव में भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात करना पड़ा। पुलिस के अनुसार रविवार की रात करीब 9 बजे मुख्य बाजार क्षेत्र में पुरानी दुश्मनी के चलते यह खूनी हमला हुआ। हमले में हिमांशु रवि कडू (25) गंभीर घायल हो गए। उन्हें बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे रक्षित कापसे और रोहित मेश्राम पर भी तलवार और चाकू से हमला किया गया, जिससे वे भी घायल हो गए। तीनों का उपचार जारी है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि एक दिन पहले राज बीयर बार के बाहर दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। इसी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने हमले की पूरी साजिश रची। रविवार दोपहर से ही हमलावरों ने इलाके की रेकी शुरू कर दी थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने शराब और नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाड़ी, कन्हान, रेशमबाग और खापरखेड़ा से अपने 40 से 50 साथियों को बुलाया। सभी युवक बाइक पर पहुंचे और पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर नकाब चढ़ाया था। जानकारी अनुसार हमलावर सुमित और डग्गम नामक युवकों की तलाश कर रहे थे।
सम्बंधित ख़बरें
CSMT से सावंतवाड़ी के बीच चलेगी नई नियमित ट्रेन, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का शिवसेना सांसदों ने किया सम्मान
अमरावती में SIR अभियान अंतिम चरण में, 95.53% कार्य पूरा, दर्यापुर ने सत्यापन में मारी बाजी
नागपुर में मानसून के साथ मंडराया स्वाइन फ्लू का खतरा: जुलाई में मिले 21 मरीज, मनपा ने जारी किया अलर्ट!
Mumbai Toronto Flight: एयर इंडिया की बड़ी घोषणा, 25 अक्टूबर से मुंबई-टोरंटो नॉन-स्टॉप फ्लाइट होगी शुरू
तलवार से हमला, 24 से ज्यादा आरोपियों पर हत्या के प्रयास का केस
जब वे नहीं मिले तो मातामाई मंदिर के पास मिले हिमांशु कडू को निशाना बना लिया। उन पर तलवार से हमला किया गया। हिमांशु जान बचाकर भागे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। उन्हें बचाने आए रक्षित कापसे और रोहित मेश्राम को भी गंभीर घायल कर दिया। इसके बाद भी हमलावर नहीं रुके।
वे हिमांशु का पीछा करते हुए उनके घर तक पहुंच गए और वहां दोबारा तलवार व चाकू से हमला किया। इस दौरान हिमांशु के भाई तुषार कडू बाल-बाल बच गए। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में सूरज कावले, शुभम उर्फ शेरू उईके, संघर्ष बागड़े, साहिल उर्फ बूटरया बागड़े, सुदामा छापाडहाके सहित 24 से अधिक आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
दगड़ी चाल गैंग की वापसी से दहशत
लोगों का कहना है कि कुछ समय से शांत पड़ा दगडी चाल गैंग फिर से सक्रिय हो गया है। मुख्य बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में खुलेआम तलवार और चाकू लेकर हमला होने से लोगों में भय का माहौल है। नागरिकों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई पर भी उठे सवाल
घटना के बाद खापरखेड़ा पुलिस की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ दिन पहले पुलिस ने एक तडीपार आरोपी को पकड़ने के बावजूद केवल नोटिस देकर छोड़ दिया था। लोगों का यह भी आरोप है कि कई तड़ीपार बदमाश खुलेआम क्षेत्र में घूम रहे है और उन पर अवैध कारोबार में संलिप्त होने के आरोप भी है। यदि समय रहते सख्त कार्रवाई की जाती, तो इतनी बड़ी वारदात टाली जा सकती थी।
यह भी पढ़ें:- सुखकर्ता अस्पताल में हंगामा: बीड़ीपेठ के नागरिकों का फूटा गुस्सा, डॉक्टर व प्रशासन पर कार्रवाई की मांग पर अड़े
विशेष टीम गठित, गांव में कड़ा बंदोबस्त
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है। पूरे खापरखेड़ा में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।
