राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज के जीवन पर बन रही फिल्म 'खंजिरीचे बोल' (सोर्स: सोशल मीडिया)
Rashtrasant Tukdoji Maharaj Biopic: महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि संत टुकड़ोजी महाराज के विचार, कार्य और जीवनगाथा को दुनिया के सामने लाना राज्य सरकार और सांस्कृतिक कार्य विभाग का लक्ष्य है। वे राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म ‘खंजिरीचे बोल’ के मुहूर्त समारोह में बोल रहे थे। यह फिल्म गवर्नमेंट ऑफ महाराष्ट्र के सांस्कृतिक कार्य विभाग तथा महाराष्ट्र फिल्म, स्टेज एंड कल्चरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के सहयोग से बनाई जा रही है।
मुंबई में राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज के प्रेरणा देने वाले जीवन पर आधारित मराठी फिल्म ‘खंजिरिचे बोल’ की मुहूर्त क्लैप सेरेमनी का उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम में फिल्म के निर्देशक अनंत महादेवन, अभिनेता प्रसाद ओक और चित्रनगरी के सह-प्रबंध निदेशक प्रशांत साजणीकर सहित कई लोग मौजूद थे।
मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि जीवन में केवल सुख की तलाश नहीं, बल्कि संतोष की खोज ही मानव विकास की सही दिशा है। राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज ने भजन-कीर्तन, भक्ति और ग्रामसेवा के माध्यम से समाज को यही मार्ग दिखाया। उनकी प्रसिद्ध कृति ग्रामगीता में ग्रामविकास, आध्यात्मिक उन्नति और श्रम की प्रतिष्ठा का संदेश दिया गया है।
आमच्या सांस्कृतिक कार्य विभागांतर्गत महाराष्ट्र चित्रपट, रंगभूमी आणि सांस्कृतिक विकास महामंडळ (फिल्म सिटी) यांच्या माध्यमातून निर्मित होत असलेल्या राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराजांच्या प्रेरणादायी जीवनावर आधारित ‘खंजिरीचे बोल’ या मराठी चित्रपटाच्या मुहूर्त क्लॅप समारंभाचे उद्घाटन केले.… pic.twitter.com/bEXJtLfGN9 — Adv. Ashish Shelar – ॲड. आशिष शेलार (@ShelarAshish) March 9, 2026
मंत्री शेलार ने कहा कि आज जब दुनिया विकास का सही मॉडल खोज रही है, तब राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज द्वारा बताया गया ग्रामविकास का मार्ग अत्यंत व्यावहारिक और आधारभूत साबित हो सकता है। मंत्री शेलार ने बताया कि राज्य सरकार उनके महान विचारों और विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ उसे प्रभावी रूप से दुनिया के सामने लाने के लिए प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से सरकार की योजना के तहत इस चरित्र आधारित फिल्म के निर्माण में सहभागिता की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि इस पहल के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस लगातार मार्गदर्शन कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- राज ठाकरे ने रायगड़ किले से फूंका MNS के सदस्यता अभियान का बिगूल, 19 मार्च को शिवाजी पार्क में शक्ति प्रदर्शन
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निर्देशक अनंत महादेवन के नेतृत्व में बन रही यह फिल्म और अभिनेता प्रसाद ओक द्वारा निभाई गई भूमिका दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ेगी। यह फिल्म आने वाली पीढ़ियों को विकास का सही मार्ग दिखाने के साथ-साथ भक्ति और सेवा के माध्यम से जीवन में संतोष प्राप्त करने का संदेश देश-विदेश तक पहुंचाएगी।
सांस्कृतिक कार्य विभाग की चरित्रपट योजना के तहत इस फिल्म का निर्माण किया जा रहा है, जबकि कल्चर कॅनवास एंटरटेनमेंट संस्था इसे तैयार कर रही है। समारोह में सुचित्रा देशपांडे, कार्तिकी यादव, शिवम यादव और डॉ. संतोष फुटाणे सहित कई लोग उपस्थित थे।