रानी बाग में बनेगा वर्ल्ड क्लास टनल एक्वेरियम, ‘चीता रेस्टोरेंट’ भी होगा आकर्षण
Byculla Zoo Expansion Plan: भायखला स्थित रानी बाग में टनल एक्वेरियम, एक्सॉटिक जू और ‘चीता रेस्टोरेंट’ विकसित किया जाएगा। बीएमसी ने 2026-27 बजट में 136 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
- Written By: अपूर्वा नायक
रानी बाग जू (सौ. सोशल मीडिया )
Rani Baug Tunnel Aquarium: भायखला इलाके में स्थित रानी बाग आने वाले वर्षों में पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा। बीएमसी ने 2026-27 के बजट में इस ऐतिहासिक चिड़ियाघर के बड़े विस्तार की योजना को मंजूरी दी है।
प्रस्ताव के तहत यहां विश्वस्तरीय टनल एक्वेरियम, अफ्रीका अमेरिका थीम पर आधारित एक्सॉटिक जू और अनोखा ‘चीता रेस्टोरेंट’ विकसित किया जाएगा। परियोजना का एक और बड़ा आकर्षण होगा।
दो मंजिला ‘चीता रेस्टोरेंट’। अफ्रीकी थीम पर आधारित इस रेस्टोरेंट से पर्यटक भोजन करते हुए चीता, जिराफ, जेन्ना और रिंग-टेल्ड लीमर के हैबिटेट का नजारा देख सकेंगे।
सम्बंधित ख़बरें
Mumbai की प्यास बुझाने के लिए 3 लाख से ज्यादा पेडों की बलि ! बीएमसी के गारगाई बांध से जैव विविधता को खतरा
Mumbai-Goa Highway: गडकरी की डेडलाइन फेल, 15 साल बाद भी अधूरा काम और मानसून की आहट से बढ़ी चिंता
Mumbai: वॉर रूम में CM फडणवीस ने की इंफ्रा परियोजनाओं की समीक्षा, देरी करने वाले ठेकेदारों को नहीं मिलेगा काम
मूंछ मुंडवाकर और नकली दाढ़ी लगाकर ‘इकबाल शेख’ बने थे छगन भुजबल, 40 साल पुराने आंदोलन की कहानी
दिसंबर 2026 तक तैयार होगा टनल एक्वेरियम
बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, अत्याधुनिक टनल एक्वेरियम का निर्माण कार्य तेजी से जारी है और इसे दिसंबर 2026 तक जनता के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है। इस एक्वेरियम में 70 से अधिक समुद्री और जलीय जीव प्रजातियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
कांच की सुरंग से गुजरते हुए पर्यटक अपने चारों ओर तैरती मछलियों और समुद्री जीवों को बेहद करीब से देख सकेंगे। यहां ठीक वैसा अनुभव मिलेगा जैसा विदेशों के मशहूर एक्वेरियम में मिलता है। यह एक्वेरियम अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। प्रवेश द्वार पर डोम-शेप स्ट्रक्चर होगा, जिससे अंदर जाते ही ऐसा महसूस होगा मानो आप पानी के भीतर पहुंच गए हों। यहां एक 14 मीटर लंबी ‘कोरल फिश टनल’ और 36 मीटर लंबी ‘डीप ओशन टनल’ बनाई जाएंगी।
भायखला पूर्व में नया एक्सॉटिक जू
रानी बाग के विस्तार के अंतर्गत भायखला (पूर्व) क्षेत्र में एक अलग एक्सॉटिक जू विकसित किया जाएगा, जिसमें 18 अलग-अलग पशु आवास होंगे। यहां ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका और अफ्रीका की दुर्लभ प्रजातियों को लाने की योजना है।
प्यूमा, मीरकैट, रिंग-टेल्ड लीमर, टैमरिन, मार्मोसेट और जायंट एंटईटर जैसे जानवरों के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए एनक्लोजर बनाए जाएंगे। अधिकारियों के मुताबिक, सभी विदेशी प्रजातियों के लिए केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण की अनुमति अनिवार्य होगी।
एक्वेरियम का निर्माण तेजी से चल रहा है और हमारा लक्ष्य तय समय सीमा में काम पूरा करने का है। एक्सॉटिक जू के लिए टेंडर प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। दोनों परियोजनाएं पूरी होने के बाद पर्यटकों का आकर्षण कई गुना बढ़ेगा।
– संजय त्रिपाठी, रानी बाग डायरेक्टर
लगातार बढ़ती जा रही है पर्यटकों की संख्या
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2024-25 में रानी बाग में करीब 32 से 35 लाख पर्यटक पहुंचे। छुट्टियों और सप्ताहांत में यहां भारी भीड़ देखने को मिलती है। प्रशासन को भरोसा है कि नई सुविधाओं के के बाद पर्यटकों की संख्या और बढ़ेगी।
ये भी पढ़ें :- साकीनाका पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 11 स्पोर्ट्स बाइक बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
इन सभी परियोजनाओं के लिए 2026-27 के बजट में 136 करोड रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष में यह राशि 44 करोड़ रुपये थी। यानी इस बार बजट में लगभग तीन गुना वृद्धि की गई है। प्रशासन का मानना है कि यह न सिर्फ बच्चों और युवाओं के लिए शैक्षणिक अनुभव देगा, बल्कि मुंबई को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के नक्शे पर और मजबूती से स्थापित करेगा।
