BJP MP Lumba Ramji Chaudhary (सोर्सः सोशल मीडिया)
Mumbai Nashik Highway: मुंबई-नासिक महामार्ग पर शुक्रवार की मध्यरात्रि को हुए एक खौफनाक हादसे में राजस्थान के बीजेपी सांसद लुंबा रामजी चौधरी बाल-बाल बच गए। जालोर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र से सांसद चौधरी की लग्जरी रेंज रोवर कार में अचानक भीषण आग लग गई।
करीब चार करोड़ रुपये कीमत की यह कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई और अब केवल उसका ढांचा ही शेष बचा है। मिली जानकारी के अनुसार, वाशिम जिले के दौरे से लौट रहे सांसद चौधरी ने महाशिवरात्रि के अवसर पर त्र्यंबकेश्वर मंदिर में दर्शन करने का निर्णय लिया था। वहां जाते समय उनके साथ कुछ सहयोगी भी कार में मौजूद थे।
नासिक के गोंदे फाटा इलाके में पहुंचने पर शहापुर निवासी चालक अनिल बबन जाधव को अचानक जलने जैसी तेज गंध महसूस हुई। कुछ ही क्षणों में इंजन से धुआं निकलने लगा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोक दी और सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़े: अब मनपा में ‘पिछले दरवाजे’ से प्रवेश के लिए लॉबिंग तेज, जानिए कौन बन सकता है स्वीकृत नगरसेवक
बता दें कि एक ओर घटना में डोंबिवली ईस्ट के छेदा नगर इलाके में सुबह-सुबह भीषण आग लग गई। जय भारत स्कूल के पास रविकिरण सोसाइटी में राज अपार्टमेंट के बेसमेंट पार्किंग में सुबह करीब 4.15 बजे अचानक आग लग गई। पार्किंग में खड़ी कुल 29 टू-व्हीलर आग में पूरी तरह जल गईं। आग लगने के कुछ ही मिनटों में पूरी बिल्डिंग में धुएं का गुबार फैल गया। इससे सो रहे लोग जाग गए और घबराकर बिल्डिंग से बाहर भागे। आग में पांच लोग मामूली रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज एक प्राइवेट हॉस्पिटल में चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही कल्याण-डोंबिवली म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की फायर ब्रिगेड तुरंत मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। हालांकि, तब तक बेसमेंट में रखे ज़्यादातर टू-व्हीलर को काफी नुकसान हो चुका था। आग लगने का सही कारण अभी तक पता नहीं चला है।