मुंबई-पुणे डेक्कन एक्सप्रेस बीच रास्ते में रुकी, यात्रियों को 2 घंटे तक करना पड़ा इंतजार
Deccan Express Engine Failure: मुंबई-पुणे डेक्कन एक्सप्रेस के इंजन में तकनीकी खराबी आने से मध्य रेलवे की लोकल और एक्सप्रेस सेवाएं प्रभावित हो गईं। यात्रियों को करीब दो घंटे की देरी का सामना करना पड़ा।
- Written By: अपूर्वा नायक
डेक्कन एक्सप्रेस इंजन विफलता (सौ. सोशल मीडिया )
Deccan Express Engine Failure News: मुंबई मंडल के कल्याण-लोनावला खंड में शुक्रवार सुबह मुंबई-पुणे डेक्कन एक्सप्रेस के इंजन में तकनीकी खराबी आने से लोकल समेत लंबी दूरी की रेल सेवाएं लड़खड़ा गई।
इसके चलते मध्य रेल की लोकल सेवाएं 10 से 20 मिनट तक देरी से चलीं, जिससे कल्याण, कर्जत और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मार्ग पर यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं। शुक्रवार सुबह ऑफिस टाइम में ट्रेनों के प्रभावित होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई स्टेशनों पर भारी भीड़ दिखी और यात्रियों को लंबे समय तक ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा। मिली जानकारी के अनुसार वांगणी और नेरूल स्टेशनों के बीच सुबह करीब 8:41 बजे डेक्कन एक्सप्रेस के डीजल इंजन में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण ट्रेन को बीच रास्ते में रोकना पड़ा।
सम्बंधित ख़बरें
मानसून से पहले ठाणे में ड्रेन सफाई तेज करने के आदेश, निचले इलाकों में लगाए जाएंगे 102 पंप
चंद्रपुर: स्थानीय निकायों में 50% से अधिक आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट में अंतिम सुनवाई, कई नगरपालिकाओं पर संकट
नागपुर वाड़ी की म्हाडा कॉलोनी में सनसनी, बंद घर में 4 दिन पुराने वृद्ध दंपति का मिला शव; इलाके में दहशत
संभाजीनगर: छावनी के रेजिमेंटल स्कूलों की जर्जर इमारतें घोषित खतरनाक, नए शैक्षणिक सत्र में प्रवेश पर लगी रोक
बताया गया कि गाड़ी संख्या 11007 सीएसएमटी-पुणे डेक्कन एक्सप्रेस सुबह करीब 7 बजे सीएसएमटी से रवाना हुई थी और 8:09 बजे कल्याण पहुंची। उस समय ट्रेन पहले से ही 16 मिनट की देरी से चल रही थी। इसके बाद पुणे की ओर जाते समय वांगणी स्टेशन के पास ट्रेन अचानक रुक गई।
ट्रेन के लंबे समय तक खड़े रहने से यात्रियों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। कई यात्री ट्रेन से उतरकर कारण जानने का प्रयास करते रहे, लेकिन उन्हें तत्काल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। दूसरी ओर इससे न केवल एक्सप्रेस ट्रेन प्रभावित हुई, बल्कि लोकल सेवाएं भी बाधित हो गईं। सीएसएमटी की ओर जाने वाली लोकल ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही, जबकि कल्याण से कर्जत-खोपोली की ओर जाने वाली लोकल ट्रेनें धीमी गति से संचालित हुई।
यात्रियों को झेलनी पड़ी 2 घंटे की देरी
लगभग डेड़ घंटे तक ट्रेन वांगणी के पास खड़ी रहने से पुणे जाने वाले यात्रियों को भारी असुविधा हुई। डेक्कन एक्सप्रेस को सुबह 11:05 बजे पुणे पहुंचना था, लेकिन उस समय तक ट्रेन लोणावला भी पार नहीं कर सकी थी। इस घटना के बाद वांगणी, भिवपुरी और कर्जत के बीच कई लोकल ट्रेनें एक के पीछे एक खड़ी रहीं। लंबे समय तक ट्रेनों के नहीं चलने से यात्री परेशान हो गए। कार्यालयी काम से यात्रा कर रहे कर्मचारी, पर्यटक और अन्य यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस कारण यात्रियों को करीब दो घंटे की देरी झेलनी पड़ी।
ये भी पढ़ें :- वसई-विरार में सफाई कर्मचारियों की ग्रेच्युटी अटकी, 21 दिन में भुगतान का अल्टीमेटम
10 बजे पहुंचा सहायक इंजन
इंजन में खराबी आने के बाद ट्रेन मैनेजर ने सुबह 8:55 बजे सहायक इंजन की माग की, इसके बाद कर्जत से सुबह 9:25 बजे सहायक इंजन रवाना किया गया, जो 10:05 बजे घटनास्थल पर पहुंचा। खराब ट्रेन में सहायक इजन जोड़ने के बाद उसे सुबह 10:17 बजे आगे के सफर के लिए रवाना किया गया, यह जानकारी मध्य रेलवे प्रशासन ने दी।
