रेल बजट में महाराष्ट्र को 23,926 करोड़ रुपये, मुंबई में बढ़ेंगी 15 डिब्बों की लोकल ट्रेनें
Rail Budget Maharashtra: रेल बजट 2025 में महाराष्ट्र को 23,926 करोड़ रुपये मिले हैं, जिसके तहत मुंबई में 15 डिब्बों की लोकल, एसी लोकल और नए हाईस्पीड रेल कॉरिडोर की योजना बनाई गई है।
- Written By: आंचल लोखंडे
high speed rail corridor (सोर्सः सोशल मीडिया)
Mumbai Local AC Trains: देश के आम बजट में शामिल रेल बजट में मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र के रेल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर कई अहम घोषणाएं की गई हैं। हाइस्पीड ट्रेनों से लेकर लोकल ट्रेनों की क्षमता बढ़ाने तक, राज्य को बड़ी सौगात दी गई है।
सोमवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देशभर के जोनल रेलवे से जुड़ते हुए पत्रकारों को विभिन्न रेल परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेल बजट में इस बार महाराष्ट्र को 23,926 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। रेल मंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस शासनकाल की तुलना में यह राशि करीब 20 गुना अधिक है।
लाइफलाइन ‘लोकल’ को मिलेगी रफ्तार
रेल मंत्री ने मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों का जिक्र करते हुए कहा कि भविष्य में मुंबई में केवल एसी लोकल ट्रेनें ही चलाई जाएंगी। हालांकि, उससे पहले भीड़ कम करने के लिए 15 डिब्बों की लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
सम्बंधित ख़बरें
ऑपरेशन टाइगर का फाइनल काउंटडाउन! आज महाराष्ट्र की राजनीति में होगा बड़ा धमाका? 6 बागी सांसद लेंगे ये फैसला
सुप्रिया सुले की बेटी रेवती की शादी में पहुंचे मोहन भागवत और खड़गे, VIP गेस्ट लिस्ट में शामिल रहे ये रईस लोग
सड़क पर नमाज़ गलत तो रास्ता रोककर योग क्यों? मुंबई में मस्जिद के बाहर रास्ते पर याेग करने पर बरसीं रागिनी नायक
मध्य रेल का विशेष ट्रैफिक ब्लॉक 23 जून को, दिवा-ठाणे मार्ग पर ट्रेनों के समय और रूट में बदलाव
भविष्य में केवल एसी लोकल चलाने की योजना
इसके लिए मध्य और पश्चिम रेलवे के कई स्टेशनों की लंबाई और चौड़ाई बढ़ाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। रेलवे ने 238 एसी लोकल रेक का ऑर्डर पहले ही दे दिया है। ये एसी लोकल ट्रेनें चरणबद्ध तरीके से मुंबईकरों की सेवा में शामिल होंगी और इन्हें मेट्रो की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है।
लोकल यात्रियों को कब मिलेगी राहत?
मुंबई लोकल की क्षमता बढ़ाने को लेकर मध्य रेलवे के प्रभारी जीएम प्रतिक गोस्वामी ने कहा कि जल्द ही अधिक संख्या में 15 डिब्बों की लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 12 डिब्बों की एसी लोकल को 15 डिब्बों में बदला जा सकता है।
फिलहाल मध्य रेलवे के पास 15 डिब्बों की केवल दो नॉन-एसी लोकल रेक हैं, जिनकी 22 सेवाएं संचालित होती हैं। उपनगरों के 22 प्रमुख स्टेशनों के विस्तार कार्य पूरे होने के बाद, अगले जून से अधिक 15 डिब्बों की लोकल ट्रेनें चलाई जा सकेंगी, जिससे यात्रियों को भारी भीड़ से राहत मिलने की उम्मीद है।
132 रेलवे स्टेशनों का नवनिर्माण
पूरे महाराष्ट्र में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 5,672 करोड़ रुपये की लागत से 132 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। नाशिक कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने ट्रैक और स्टेशनों के विस्तार की भी योजना बनाई है।
ये भी पढ़े: Budget 2026 ने मुंबईकरों को किया निराश, मुंबई की लाइफलाइन ‘लोकल’ को बजट में क्या मिला?
हाईस्पीड रेल कॉरिडोर का डीपीआर होगा तैयार
मध्य रेलवे के सीपीआरओ डॉ. स्वप्निल नीला ने बताया कि मुंबई के लोकल यात्रियों को राहत देने के लिए बंद दरवाजों वाली दो नॉन-एसी लोकल रेक भी आईसीएफ के माध्यम से तैयार की जा रही हैं, जो जल्द ही उपलब्ध होंगी।
महाराष्ट्र से चलेंगी तीन बुलेट ट्रेनें
आने वाले समय में महाराष्ट्र से तीन बुलेट ट्रेनें संचालित होंगी। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना पर काम पहले से जारी है, जबकि दो नए हाईस्पीड रेल कॉरिडोर महाराष्ट्र से जुड़ेंगे। मुंबई-पुणे और पुणे-हैदराबाद के बीच हाईस्पीड रेल कॉरिडोर के लिए जल्द ही डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार की जाएगी। डॉ. स्वप्निल नीला ने बताया कि फिलहाल महाराष्ट्र में 12 जोड़ी वंदे भारत और 5 जोड़ी अमृत भारत ट्रेनें चल रही हैं।
इसके अलावा, ट्रेनों को दुर्घटनाओं से बचाने और यात्रियों की सुरक्षा के लिए राज्य में 576 किमी का कवच प्रोजेक्ट पूरा हो चुका है, जबकि कुल 4,981 किमी लंबाई के कवच प्रोजेक्ट पर काम जारी है।
(इनपुटः सूर्यप्रकाश मिश्र)
