मुंबई में किडनैप ड्रामा: बांद्रा बार से शेयर ब्रोकर को अगवाकर मांगी फिरौती, गैंग गिरफ्तार
Mumbai Kidnapping Case: मुंबई खार पुलिस ने बांद्रा बार से शेयर ब्रोकर के अपहरण, मारपीट और 10 लाख रुपये फिरौती मांगने के आरोप में 5 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पीड़ित को सकुशल छुड़ाया।
- Written By: आकाश मसने
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Share Broker Kidnapping Case: मुंबई के खार पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बांद्रा के एक बार से मीरा रोड निवासी शेयर ब्रोकर का अपहरण कर उससे 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पीड़ित की पत्नी द्वारा दी गई त्वरित शिकायत पर कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बचा लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुख्य आरोपी विजू मणिकम स्वामी उर्फ तम्मी अन्ना (45), उसकी बहन जया, जीजा सुहास रघुनाथ बागवे (49), भतीजा प्रियांशु बागवे (22) और ड्राइवर प्रशांत भाऊसाहेब जाधव (37) शामिल हैं। सभी आरोपी अंधेरी-विलेपार्ले इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता शेयर बाजार में कार्यरत है और मीरा रोड में अपनी पत्नी, 9 साल की बेटी और 4 साल के बेटे के साथ रहता है। वह बांद्रा के पाली नाका स्थित ‘जनता बार’ में गया था, जहां से चार-पांच लोगों ने उसे जबरन कार में डालकर अगवा कर लिया। आरोपियों ने उसे विले पार्ले (पश्चिम) के एक घर में ले जाकर बंधक बना लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई की। इस दौरान उससे 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।
सम्बंधित ख़बरें
हरियाणा के हांसी में जिम संचालक पर बरसीं गोलियां, महज 5 सेकंड के भीतर खत्म कर दी जिंदगी, CCTV देख उड़े होश
मुंबई में 24.4 किमी लंबी मेट्रो-11 का रास्ता साफ, धारावी और बांद्रा टर्मिनस को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
मुंबई में बदलेगी रेडी रेकनर व्यवस्था, झोपड़पट्टियों और हाईराइज इमारतों के लिए होंगी अलग दरें
राकांपा स्थापना दिवस पर युवा नेताओं का सरकार पर हमला, संघर्ष जारी रखने का आह्वान
पीड़ित से 1.85 लाख रुपये और आईफोन छीना
अपहरण के दौरान आरोपियों ने पीड़ित से 1.85 लाख रुपये नकद, एक महंगा आईफोन और करीब 35,000 रुपये की घड़ी भी छीन ली थी। पीड़ित की पत्नी ने जब उसे फोन पर संपर्क नहीं कर पाई, तो उसने तुरंत पुलिस से शिकायत की। खार पुलिस ने लोकेशन ट्रैकिंग और तकनीकी मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में पीड़ित को सुरक्षित छुड़ा लिया।
यह भी पढ़ें:- ‘आपके पति 100 रुपए नहीं देते, देवा भाऊ ने दिए 1500’, मंत्री जयकुमार गोरे के विवादित बयान से मचा बवाल
पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी तम्मी अन्ना एक आपराधिक पृष्ठभूमि वाला व्यक्ति है और पहले भी कई विवादों में शामिल रहा है। पुलिस इस मामले में यह भी जांच कर रही है कि क्या पीड़ित को पहले से पहचान कर निशाना बनाया गया था या फिर यह धन उगाही का सुनियोजित प्रयास था।
खार पुलिस की तेज कार्रवाई के कारण पीड़ित सुरक्षित बाहर आया है। मामले की आगे की जांच जारी है, और पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक संबंधों की भी छानबीन कर रही है।
