Maharashtra Politics: रास जाएंगे पार्थ पवार, बीजेपी में भी मंथन, सीएम फडणवीस ने की समीक्षा
Maharashtra Rajya Sabha Election: महाराष्ट्र राज्यसभा चुनाव से पहले पार्थ पवार का नाम लगभग तय माना जा रहा है, जबकि बीजेपी और महायुति में उम्मीदवारों को लेकर मंथन तेज हो गया है।
- Written By: आंचल लोखंडे
Parth Pawar candidate (सोर्सः सोशल मीडिया)
Parth Pawar Candidate: महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। मौजूदा समीकरणों के अनुसार मार्च में होने वाले महाराष्ट्र की सात सीटों के चुनाव में महायुति को छह सीटें (बीजेपी 4, शिवसेना शिंदे गुट 1 और राकां अजित पवार गुट 1) मिलने की संभावना जताई जा रही है। वहीं विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी एकजुट होकर एक सीट जीत सकता है। राकां (अजित पवार) की ओर से पार्थ पवार का नाम लगभग तय माना जा रहा है, जबकि बीजेपी और शिंदे गुट में उम्मीदवारों को लेकर मंथन जारी है।
राकां (अजित पवार) की कोर कमेटी की बैठक सोमवार रात प्रफुल्ल पटेल के मुंबई स्थित आवास पर संपन्न हुई, जिसमें पार्थ पवार को राज्यसभा उम्मीदवार बनाने का अहम फैसला लिया गया। बैठक में सुनेत्रा पवार और प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे भी मौजूद रहे।
पार्टी में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति
दावा किया जा रहा है कि पूर्व उप मुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने पार्टी में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति बनाई है। इसके तहत लोकसभा चुनाव में हार के बाद सक्रिय राजनीति से दूर चल रहे अपने बेटे पार्थ पवार को सीधे दिल्ली के उच्च सदन में भेजने का निर्णय लिया गया है।
सम्बंधित ख़बरें
173 साल की हुई भारतीय रेल, रेलमंत्री ने शेयर की पहले रेल ब्रिज की तस्वीर, ठाणे में मना जश्न
ठाणे में CREDAI-MCHI की प्रॉपर्टी एग्ज़िबिशन का आगाज़, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे करेंगे उद्घाटन
राज्य सरकार का बड़ा फैसला: संभाजीनगर के नए विभागीय आयुक्त बने जी. श्रीकांत
फॉरेस्ट डिपार्टमेंट ने पकड़े 250 तेंदुए ! राज्य में टाइगर सफारी का प्लान, वन मंत्री गणेश नाईक ने दी जानकारी
सुनेत्रा बनेंगी राष्ट्रीय अध्यक्ष
बैठक में यह भी तय हुआ कि 26 फरवरी को वरली डोम में आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सुनेत्रा पवार को आधिकारिक रूप से पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया जाएगा। इस तरह पार्टी की कमान पूरी तरह उनके हाथों में सौंपी जाएगी।
बीजेपी में मंथन, तावडे सबसे आगे
दूसरी ओर सत्तारूढ़ महायुति के प्रमुख घटक दल बीजेपी में भी उम्मीदवार तय करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। मंगलवार रात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के ‘सागर’ बंगले पर भाजपा की कोर कमेटी की अहम बैठक हुई।
ये भी पढ़े: राज्य के चैरिटेबल अस्पतालों पर सरकार का शिकंजा, गरीबों का करना होगा इलाज, विधानसभा में सीएम की घोषणा
सूत्रों के अनुसार, महायुति की ओर से एक सीट सहयोगी दल के प्रमुख रामदास आठवले को दी जा सकती है। इसके अलावा बीजेपी के कोटे की तीन अन्य सीटों के लिए विनोद तावडे, विजया रहाटकर और धैर्यशील पाटील के नामों पर चर्चा चल रही है।
विनोद तावडे ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठन के लिए उल्लेखनीय काम किया है, इसलिए उनका नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। वहीं एकनाथ शिंदे की शिवसेना की ओर से राहुल शेवाले का नाम लगभग तय माना जा रहा है, जबकि शायना एनसी और संजय निरुपम के नामों पर भी मंथन जारी है।
चुनाव कार्यक्रम
महाराष्ट्र की सात सीटों सहित पूरे देश की 37 राज्यसभा सीटों के लिए 26 फरवरी को अधिसूचना जारी होगी। 5 मार्च तक नामांकन, 9 मार्च तक नाम वापसी और 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। उसी शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और 20 मार्च तक पूरी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
