बीएमसी मुख्यालय की कैंटीन में छाछ के गिलास में मिली मक्खी! FDA का बड़ा एक्शन, कैंटीन सील
Mumbai BMC Canteen Sealed 2026: मुंबई के बीएमसी मुख्यालय की कैंटीन में छाछ में मक्खी मिलने पर एफडीए ने कैंटीन सील कर दिया है और ठेकेदार पर लापरवाही के लिए 50,000 का जुर्माना ठोका।
- Written By: अनिल सिंह
बीएमसी कैंटीन की छाछ में मिली मक्खी (प्रतीकात्मक तस्वीर, फोटो सोर्स-AI)
BMC Canteen Fly in Buttermilk: महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) द्वारा पूरे राज्य में चलाए जा रहे व्यापक खाद्य सुरक्षा जांच अभियान के तहत एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मुंबई स्थित बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के मुख्यालय के भीतर संचालित मुख्य कैंटीन में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां परोसे गए छाछ के एक गिलास में मरी हुई मक्खी पाई गई।
इस घटना का तुरंत संज्ञान लेते हुए एफडीए की टीम ने बीएमसी मुख्यालय पहुंचकर कार्रवाई की और कैंटीन को तत्काल प्रभाव से बंद कर सील करने का ‘स्टॉप बिजनेस’ आदेश जारी कर दिया। इसके अलावा, बीएमसी प्रशासन ने भी स्वच्छता मानकों में भारी लापरवाही बरतने पर संबंधित ठेकेदार पर भारी-भरकम जुर्माना ठोका है।
नियमों के उल्लंघन पर सील हुई कैंटीन
छाछ में मक्खी मिलने की आधिकारिक शिकायत दर्ज होते ही एफडीए अधिकारियों के एक विशेष दल ने बीएमसी मुख्यालय की कैंटीन का रुख किया। अधिकारियों ने करीब पांच घंटे तक रसोई घर, भंडारण क्षेत्र और सर्विंग एरिया का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान कैंटीन परिसर में गंदगी, साफ-सफाई का अभाव और खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन पाया गया।
सम्बंधित ख़बरें
धाराशिव में दो गुटों में खूनी झड़प और पथराव, तनाव के बाद छावनी में तब्दील हुआ इलाका, SP रितु खोखर की ये अपील
मौन आंदोलन के दौरान छलका दर्द, रो पड़े अन्ना हजारे! खराब सेहत फिर भी NEET प्रोटेस्ट में हुए शरीक
मुंबई: बारिश से लंबी दूरी की ट्रेनें लड़खड़ाई,परेशान यात्रियों को खाना-पानी का वितरण, कई ट्रेनें हुई रिशेड्यूएल
लूट वाली सर्ज प्राइसिंग का अंत… भारत टैक्सी के शुभारंभ पर CM फडणवीस बोले- अब ड्राइवर नहीं मालिक चलाएंगे गाडी
इन खामियों को देखते हुए एफडीए ने कैंटीन का संचालन करने वाली फर्म ‘कमल कैटरर्स’ को तुरंत प्रभाव से काम रोकने का कानूनी नोटिस थमा दिया और कैंटीन के दरवाजों को सील कर दिया।
ये भी पढ़ें- मौन आंदोलन के दौरान छलका दर्द, रो पड़े अन्ना हजारे! खराब सेहत फिर भी NEET प्रोटेस्ट में हुए शरीक
बीएमसी ने लगाया 50,000 रुपये का जुर्माना
केवल एफडीए ही नहीं, बल्कि इस लापरवाही पर बीएमसी के स्वास्थ्य और श्रम विभाग ने भी त्वरित और सख्त रुख अपनाया है। बीएमसी प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा शर्तों का उल्लंघन करने के आरोप में ठेकेदार ‘कमल कैटरर्स’ पर 50,000 रुपये का भारी जुर्माना लगाया है।
गौरतलब है कि यह पूरी कार्रवाई महाराष्ट्र एफडीए के नए और सख्त आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में मुंबई और राज्य भर में चलाए जा रहे विशेष सफाई और खाद्य सुरक्षा अभियान का हिस्सा है। इस अभियान के तहत सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों के कैंटीन व प्रतिष्ठानों की औचक जांच की जा रही है।
K Rustom आइसक्रीम पार्लर और KEM अस्पताल पर भी गिर चुकी है गाज
मुंबई में एफडीए की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से मिलावटखोरों और लापरवाह दुकानदारों में भारी खौफ का माहौल है। बीएमसी मुख्यालय की कैंटीन से पहले, एफडीए ने केईएम (KEM) अस्पताल की कैंटीन में भी कमियां पाए जाने पर कार्रवाई की थी।
इसके अलावा, चर्चगेट स्थित मुंबई के मशहूर ‘के रुस्तम (K Rustom)’ आइसक्रीम पार्लर परिसर में चूहे और मक्खियां पाए जाने के बाद उसका फूड लाइसेंस निलंबित कर दिया गया था। पुणे में भी बहुचर्चित मामलों से जुड़े दुकानों के लाइसेंस निरस्त किए गए हैं। राज्य भर में मिलावटी दूध, मेवों और मसालों के खिलाफ एफडीए का यह कड़ा रुख लगातार जारी है।
