मनपा चुनाव से पहले बीजेपी का मास्टरस्ट्रोक, अमित साटम बने मुंबई अध्यक्ष
Mumbai News: आगामी मुंबई महानगरपालिका चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा कदम उठाया है। विधायक अमित साटम को मुंबई बीजेपी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
- Written By: सोनाली चावरे
अमित साटम बने मुंबई अध्यक्ष (pic credit; social media)
Maharashtra News: आगामी बीएमसी (बृहन्मुंबई महानगरपालिका) चुनावों की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव किया है। विधायक अमित साटम को मुंबई बीजेपी का नया अध्यक्ष बनाया गया है। सोमवार को पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने शीर्ष नेतृत्व की सहमति के बाद साटम के नाम की औपचारिक घोषणा की।
साटम ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार की उपस्थिति में पदभार ग्रहण किया।
अनुभवी नेता को मिली कमान
विधायक अमित साटम लंबे समय से बीजेपी से जुड़े हुए हैं। वे तीन बार विधायक और पूर्व नगरसेवक भी रह चुके हैं। पार्टी के अंदर वे एक निष्ठावान, अध्ययनशील और आक्रामक नेता के रूप में जाने जाते हैं। मुंबई की समस्याओं और नगर प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर उनकी गहरी समझ मानी जाती है।
सम्बंधित ख़बरें
पुणे में डेंगू जांच पर मनपा की सख्ती: NS1 और MAC ELISA टेस्ट की फीस 600 तय, रैपिड टेस्ट किट पर रोक
महाराष्ट्र: वसई में बेटे की बीमारी का फायदा उठाकर महिला से हैवानियत, तांत्रिक के नाम पर झांसा देकर यौन शोषण
गोंदिया में मानसून फिर सक्रिय, सड़क अर्जुनी में 103.4 मिमी बारिश, पुजारीटोला बांध के 4 गेट खुले
Akola News: अकोला में निर्माण श्रमिकों का प्रदर्शन, नई कामगार कल्याण नीति वापस लेने की मांग
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साटम पर भरोसा जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बीजेपी मुंबई में और अधिक मजबूत होगी और आगामी मनपा चुनाव में इसका फायदा महायुति को मिलेगा।
शेलार के उत्तराधिकारी बने साटम
पूर्व मुंबई अध्यक्ष आशीष शेलार ने विधानसभा चुनावों में बीजेपी को मुंबई में नंबर वन पार्टी बनाया था। लेकिन अब शेलार पर मंत्री पद की जिम्मेदारियां हैं, इसलिए संगठन की कमान नए नेता को सौंपी गई है।
रवींद्र चव्हाण ने कहा कि अमित साटम को कोर कमेटी, वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय नेतृत्व की सहमति से चुना गया है। मुंबई में बीजेपी को और विस्तार देने, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और महापौर पद हासिल करने की दिशा में यह नियुक्ति अहम साबित हो सकती है।
चुनाव जीतने की रणनीति का हिस्सा
इस बदलाव को बीजेपी की बड़ी चुनावी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। साटम की नियुक्ति से यह संकेत भी गया है कि पार्टी अब पुराने, अनुभवी और ज़मीनी नेताओं को आगे कर चुनावी मैदान में उतरना चाहती है।
