गोंदिया में मानसून फिर सक्रिय, सड़क अर्जुनी में 103.4 मिमी बारिश, पुजारीटोला बांध के 4 गेट खुले
Gondia Red Alert: गोंदिया जिले में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। सड़क अर्जुनी में 103।4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि पुजारीटोला बांध के 4 गेट खोलकर 3241 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
- Written By: आंचल लोखंडे
पुजारीटोला बांध- फाइल फोटो (सोर्सः सोशल मीडिया)
Gondia Weather Update: गोंदिया जिले में चार दिनों के अंतराल के बाद 27 जुलाई से फिर बारिश शुरू हो गई। 27 जुलाई को गोंदिया शहर सहित सभी तहसीलों में जोरदार बारिश की वापसी हुई। वहीं सड़क अर्जुनी में तहसील में अतिवृष्टि दर्ज की गई। जहां पीछले 24 घंटों में 103.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं सालेकसा तहसील में स्थित पुजारीटोला बांध के जलस्तर में बढ़ोत्तरी होने के कारण बांध के जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए जलाशय के 4 गेट खोले गए। जिससे 3241 क्यूसेक पानी नदी पात्र में छोड़ा गया।
जिले में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन 34.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं सड़क अर्जुनी तहसील में अतिवृष्टि दर्ज होने से क्षेत्र में बारिश का प्रभाव अधिक रहा। लगातार हो रही बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिली है और खरीफ सीजन की प्रमुख फसल धान की रोपाई के कार्यों में तेजी आई है।
धान रोपाई ने पकड़ी रफ्तार
जिले में अब तक कुल 545.2 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। जुलाई माह में हुई अच्छी बारिश के कारण खेतों में नमी बढ़ गई है तथा जलस्रोतों में भी पानी की उपलब्धता बेहतर हुई है। इससे धान उत्पादक किसानों ने रोपाई के काम को गति दी है। बारिश की शुरुआत में कुछ दिनों तक मानसून की बेरुखी के कारण धान रोपाई प्रभावित हुई थी। कई क्षेत्रों में किसान पानी की प्रतीक्षा कर रहे थे। लेकिन बारिश के चलते अब खेतों में पर्याप्त पानी उपलब्ध होने लगा है।
सम्बंधित ख़बरें
CM सिटी पानी-पानी! 3 घंटे की बारिश में डूबा नागपुर, स्कूलों से रस्सियों के सहारे निकाले गए छात्र
Akola News: अकोला में निर्माण श्रमिकों का प्रदर्शन, नई कामगार कल्याण नीति वापस लेने की मांग
पुणे में अवैध निर्माणों पर मनपा का बुलडोजर, लोहगांव-खराड़ी में 21,400 वर्गफुट आरसीसी निर्माण ध्वस्त
जालना में ACB की बड़ी कार्रवाई: GST अधिकारी और टैक्स कंसलटेंट 60 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
देवरी-कन्हालगांव मार्ग हुआ बंद
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों से अपील की है कि धान रोपाई के बाद खेतों में पानी का संतुलन बनाए रखें, अतिरिक्त पानी की निकासी करें तथा फसल पर कीट व रोगों के प्रकोप को लेकर सतर्क रहें। अच्छी बारिश से किसानों के चेहरों पर फिर से उम्मीद की चमक दिखाई दे रही है।
जिलाधीश कार्यालय के नियंत्रण कक्ष के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान अर्थात 28 जुलाई को सुबह 10.30 बजे तक गोंदिया जिले में 34.8 मिमी औसत बारिश रिकॉर्ड की गई।
तहसीलवार देखा जाए तो इस दौरान गोंदिया तहसील में 15.2 मिमी, आमगांव में 27.4 मिमी, तिरोड़ा में 26.0 मिमी, गोरेगांव में 27.6 मिमी, सालेकसा में 18.3 मिमी, देवरी में 45.5 मिमी, अर्जुनी मोरगांव में 23.1 मिमी व सड़क अर्जुनी तहसील में 103.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
देवरी-कन्हालगांव मार्ग बंद
देवरी तहसील में हो रही लगातार भारी बारिश के कारण देवरी-कन्हालगांव मार्ग पर स्थित पुल पर बाढ़ का पानी आ गया, पुल पर पानी का बहाव बढ़ने से विद्यार्थियों को लेकर जाने वाली बसों को वापस लौटना पड़ा, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को मंगलवार, 28 जुलाई को अवकाश दिया गया, नागरिकों ने मांग की है कि बारिश के दिनों में ऐसे संवेदनशील पुलों पर प्रशासन द्वारा विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।
ये भी पढ़े: Gondia News: सौंदड़ ग्राम पंचायत जांच में देरी, जिला परिषद के 7 दिन के आदेश पर 50 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं
जिले में आरेंज व रेड अलर्ट जारी
गोंदिया जिले में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। वहीं मौसम विभाग ने 30 जुलाई तक जिले में आरेंज व रेड अलर्ट जारी किया है। आरेंज अलर्ट दौरान एक या दो स्थानों पर गरज-चमक, 40-50 किमी गति से तेज हवा व भारी बारिश तथा रेड अलर्ट के दौरान एक-दो स्थानों पर अत्याधिक भारी बारिश व कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा तथा एक या दो स्थानों पर मेघ गर्जन, बिजली गिरने और तेज हवा चलने की संभावना जताई है।
