BJP Campaign:बीएमसी चुनाव (सोर्सः सोशल मीडिया)
BMC Election 2026: बीएमसी चुनाव जीतने की चाह में भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। यह लड़ाई अब सिर्फ स्थानीय नहीं रही, बल्कि एक बड़े चुनावी अभियान का रूप ले चुकी है। मुंबई बीजेपी की टीम के साथ-साथ देश के लगभग 16 राज्यों से आए बीजेपी नेताओं को भी मुंबई की सड़कों और गलियों में चुनाव प्रचार में उतारा गया है।
मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में उत्तर भारतीय मतदाताओं की संख्या काफी बड़ी है, जो किसी भी चुनाव के नतीजों को प्रभावित करने में अहम भूमिका निभा सकती है। मुंबई के कुल 227 वार्डों में से करीब 150 वार्ड ऐसे हैं, जहां उत्तर भारतीय मतदाता निर्णायक स्थिति में हैं। उत्तर मुंबई, उत्तर-पश्चिम मुंबई, उत्तर-पूर्व मुंबई और उत्तर-मध्य मुंबई लोकसभा क्षेत्रों में कई इलाके ऐसे हैं, जहां उत्तर भारतीयों की तादाद सबसे अधिक है।
इसी तरह गुजराती मतदाता घाटकोपर, बोरीवली, मुलुंड और दक्षिण मुंबई में बड़ी संख्या में हैं, जबकि दक्षिण भारतीय मतदाता सायन-कोलीवाड़ा, धारावी जैसे क्षेत्रों में अधिक हैं। मुंबई आने वाले बाहरी नेताओं के कोऑर्डिनेशन की जिम्मेदारी संभाल रहे मुंबई बीजेपी सचिव प्रमोद मिश्रा ने बताया कि बीएमसी चुनाव प्रचार के लिए उत्तर प्रदेश से 12 और बिहार से 10 नेता मुंबई पहुंच चुके हैं। सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए बीजेपी ने गुजरात, दिल्ली, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और दक्षिण भारत के नेताओं को भी मुंबई के विभिन्न हिस्सों में प्रचार के लिए उतारा है।
उत्तर भारतीयों के गढ़ कहे जाने वाले अंधेरी (पूर्व) के नागरदास रोड पर बुधवार शाम उत्तर भारतीयों का जमावड़ा किसी उत्सव से कम नहीं था। बीएमसी चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की बदलापुर सीट से बीजेपी विधायक रमेश मिश्रा से मिलने के लिए लोग उत्साहित नजर आए। इस दौरान स्थानीय लोगों ने अपने क्षेत्र की समस्याएं भी उनके सामने रखीं।
विधायक रमेश मिश्रा ने कहा कि यह धारणा गलत है कि उत्तर भारतीय मुंबई में बीजेपी और उत्तर प्रदेश में सपा के साथ रहते हैं। उत्तर भारतीय समाज हमेशा बीजेपी के साथ रहा है। उन्होंने महायुति को जिताने की अपील करते हुए कहा कि मुंबई के सर्वांगीण विकास के लिए बीजेपी को सत्ता में लाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि नगरसेवक का चुनाव किसी राज्य के चुनाव से भी अधिक महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि साफ-सफाई, पेयजल और बुनियादी सुविधाएं नगर निगम के माध्यम से ही मिलती हैं। मिश्रा ने यह भी बताया कि उत्तर भारत की ओर रेल यात्रा को सुगम बनाने के लिए रेल मंत्री से बातचीत चल रही है और उम्मीद है कि वंदे भारत जैसी ट्रेनें मुंबई से उत्तर प्रदेश के कई जिलों तक जल्द शुरू होंगी।
ये भी पढ़े: अब गुंडों का राज नहीं चलेगा, गुंडों से निपटना देवा भाऊ को आता है, उल्हासनगर में फडणवीस की गर्जना
बीएमसी चुनाव प्रचार के लिए मुंबई पहुंचे सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि यूपी-बिहार के लोग जहां भी जाते हैं, वहां की संस्कृति में पूरी तरह रच-बस जाते हैं। कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत एक है और देश का हर नागरिक किसी भी राज्य में रह सकता है। उन्होंने कहा, “मैं 1999 से मुंबई में हूं, इसलिए मैं भी ‘मानुष’ हूं, क्योंकि मैंने यहां की संस्कृति को अपनाया है।” तिवारी ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में कुछ लोग प्रांतवाद का जहर घोलने का काम कर रहे हैं, जिसे रोकना बेहद जरूरी है।
मनोज तिवारी ने कहा कि बीजेपी केंद्र और राज्य दोनों स्तरों पर विकास कार्य कर रही है और पार्टी को काम करने के लिए जाना जाता है। मुंबई को अंतरराष्ट्रीय शहर बनाने के लिए बीएमसी में बीजेपी की सत्ता जरूरी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि SIR को लेकर विपक्ष भ्रम फैला रहा है और किसी भी भारतीय नागरिक के वोट देने के अधिकार को छीना नहीं गया है। उन्होंने बताया कि बीएमसी चुनाव को लेकर उनका गाया गीत “मिलके चलाएंगे विकास की गगरिया, भाजपा के संग चले मुंबई नगरिया” तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।