एकनाथ शिंदे के खास हनुमंत जगदाले बने ठाणे मनपा में सदन के नेता, शानू पठान संभालेंगे नेता प्रतिपक्ष की कमान
Thane Municipal Corporation News: ठाणे नगर निगम में नियुक्तियों का दौर शुरू हो गया है। शिंदे गुट के हनुमंत जगदाले को सदन का नेता और शरद पवार गुट के अशरफ शानू पठान को विरोधी पक्ष नेता चुना गया है।
- Written By: सूर्यप्रकाश मिश्र | Edited By: आकाश मसने
हनुमंत जगदाले को पुष्पगुच्छ देतीं ठाणे मेयर शर्मिला पिम्पोलकर (फोटो नवभारत)
Hanumant Jagdale Leader of House In Thane Municipal Corporation: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का गढ़ माने जाने वाले ठाणे मनपा में सदन के नेता के रूप में वरिष्ठ नगरसेवक हनुमंत जगदाले का चुनाव किया गया है। उधर ठाणे मनपा में विरोधी पक्ष नेता पद पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) पार्टी के नगरसेवक अशरफ शानू पठान की नियुक्ति की घोषणा की गई।
मेयर शर्मिला पिम्पोलकर ने की घोषणा
ठाणे की मेयर शर्मिला पिम्पोलकर ने सोमवार को हनुमंत जगदाले और अशरफ शानू पठान के नामों की घोषणा सभागृह में की। इस अवसर पर उपमहापौर कृष्णा पाटिल, महानगरपालिका आयुक्त सौरभ राव, अतिरिक्त आयुक्त 1 संदीप मालवी, अतिरिक्त आयुक्त 2 प्रशांत रोडे, महापालिका सचिव मनीष जोशी उपस्थित थे। मेयर ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का अभिनंदन किया।
हनुमंत जगदाले 1997 से हैं नगरसेवक
उल्लेखनीय है कि नवनियुक्त सदन के नेता हनुमंत जगदाले 1997 से ही ठाणे मनपा में नगरसेवक चुने जाते रहे हैं। शिवसेना में शामिल होने के पहले वे एनसीपी में ही थे। डीसीएम एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना पार्टी में शामिल होने के बाद नगरसेवक बने जगदाले को उनकी वरिष्ठता एवं मनपा सदन में लंबा अनुभव देखते हुए सदन का नेता बनाया गया है। इसके पहले लगातार विरोधी पार्टी में रहे हनुमंत जगदाले ठाणे मनपा में विरोधी पक्ष नेता भी रह चुके हैं।
सम्बंधित ख़बरें
घर में इतनी गर्मी कि बाहर सोना पड़ रहा, खुले मैदान में रात गुजारते प्रवासी मजदूरों की तस्वीर
नागपुर में शिवसेना का संगठन मिशन, कार्यकारिणी का होगा ‘पोस्टमार्टम’; रिक्त पद जल्द भरेंगे
ठाणे: महाविकास आघाड़ी में टूट से महायुति की जीत तय, रवींद्र फाटक के निर्विरोध चुने जाने पर बोले शिंदे
शिंदे गुट के नगरसेवक पर यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग का आराेप, साहिल चौगुले बोले- ये मुझे बदनाम करने की साजिश
12 सीट वाली पार्टी का विरोधी पक्ष नेता
अशरफ उर्फ शानू पठान को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक जितेंद्र आव्हाड का कट्टर समर्थक माना जाता है। वे मुंब्रा से लगातार दूसरी बार मनपा चुनाव जीते हैं। उल्लेखनीय है कि मुंब्रा, कलवा से मनपा चुनाव में मात्र 12 सीट जीती शरद पवार की एनसीपी (एसपी) सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी होने के नाते उन्हें विरोधी पक्ष नेता पद मिला।
यह भी पढ़ें:- जापान में बुलेट ट्रेन चलाने की ट्रेनिंग ले रहे भारतीय लोको पायलट; 4 मिनट के Video में दिखी गजब की फुर्ती
131 सदस्यों वाली ठाणे मनपा में एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 76 सीटें मिली हैं, जबकि सत्ता में शामिल बीजेपी को 28 सीटें मिली हैं। अजित पवार की एनसीपी 9 सीट ही जीत पाई। पार्टी के शहर अध्यक्ष व नगरसेवक नजीब मुल्ला गुट नेता बने हैं। जबकि इस बार मनपा सदन एमआयएम के भी 6 नगरसेवक होंगे। सरफराज खान ऊर्फ सैफ पठान को एमआईएम का गुट नेता घोषित किया गया है।
