मुंबई के भांडुप में BEST बस का भीषण हादसा: रिवर्स करते समय पेड़ और बस के बीच कुचला पैदल यात्री, हालत गंभीर
Bhandup BEST Bus Accident Kokan Nagar: मुंबई के भांडुप में एक अनियंत्रित बेस्ट (BEST) बस की टक्कर से पैदल यात्री अतुल पाडवे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
- Written By: अनिल सिंह
भांडुप में अनियंत्रित बेस्ट बस ने पैदल यात्री को रौंदा
Bhandup BEST Bus Accident: उपनगर भांडुप के कोकण नगर इलाके में बुधवार सुबह बेस्ट (BEST) की एक अनियंत्रित बस की चपेट में आने से एक पैदल यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। यह अजीबोगरीब और दर्दनाक हादसा क्रिटिकल अस्पताल के पास सुबह करीब 8:30 बजे घटित हुआ।
ओशिवारा डिपो की रूट नंबर A-425/32 की बस (क्रमांक 4047) जब कोकण नगर की तरफ दाहिना मोड़ ले रही थी, तभी यह भीषण दुर्घटना हुई। हादसे की गंभीरता को देखते हुए भांडुप पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Mumbai, Maharashtra: A BEST bus accident was reported near Critical Hospital in the Konkan Nagar area of Bhandup, where the bus hit a pedestrian and several vehicles. The pedestrian sustained injuries and was admitted to a nearby hospital for treatment. Several vehicles were also… pic.twitter.com/Zsm3RylH2B — IANS (@ians_india) July 8, 2026
सम्बंधित ख़बरें
मुंबई में दर्दनाक हादसा: नेहरू नगर के शमीम टावर में लिफ्ट के शाफ्ट में गिरने से 12 साल के मासूम बच्चे की मौत
दादर स्टेशन पर महिला से मारपीट का वीडियो वायरल, CCTV में सामने आया दूसरा पहलू; जांच में जुटी रेलवे पुलिस
कल्याण अस्पताल कांड: महिला डॉक्टर से मारपीट बर्दाश्त नहीं, शिंदे करेंगे कार्रवाई, भरतशेठ गोगावले का बड़ा बयान
लोनावला-कर्जत घाट में भारी भूस्खलन, 36 घंटे से मुंबई-पुणे रेल मार्ग पूरी तरह ठप, 146 ट्रेनों पर पड़ा बुरा असर
मोड़ पर फंसा राहगीर; रिवर्स करते समय पेड़ के प्लांटर और बस के बीच दबा
आधिकारिक एक्सीडेंट रिपोर्ट के अनुसार, बेस्ट बस का चालक मोड़ पर गाड़ी को सही तरीके से नियंत्रित नहीं कर पाया। मोड़ न कट पाने की स्थिति में चालक ने बस को पीछे (रिवर्स) लेना शुरू किया। इसी दौरान बस का पिछला हिस्सा वहां से गुजर रहे एक पैदल यात्री से टकरा गया।
यात्री की पहचान 43 वर्षीय अतुल अनंत पाडवे के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अतुल वहां सड़क किनारे लगे एक बड़े पेड़ के कंक्रीट प्लांटर और बस के पिछले हिस्से के बीच में बुरी तरह फंस गए। इस हादसे में उनके दोनों जांघों पर गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ है।
बचाने की कोशिश में बेकाबू होकर आगे बढ़ी बस।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद स्थानीय नागरिक तुरंत अतुल को बचाने के लिए दौड़े। भीड़ ने मिलकर फंसी हुई बस को आगे की तरफ धक्का देना शुरू किया ताकि घायल को बाहर निकाला जा सके। लेकिन इसी हड़बड़ाहट और धक्का-मुक्की के बीच चालक बस से पूरी तरह अपना नियंत्रण खो बैठा।
नतीजतन, बस अचानक तेज गति से आगे की ओर बढ़ गई और पार्किंग क्षेत्र में खड़ी दो मोटरसाइकिलों और एक ऑटो रिक्शा को बेरहमी से रौंदते हुए उनसे जा टकराई। इस अफरा-तफरी के कारण पार्किंग में खड़े वाहन भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे इलाके में भारी हंगामा खड़ा हो गया।
भांडुप पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज।
हादसे के तुरंत बाद बस के कंडक्टर ने सूझबूझ दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल अतुल पाडवे को इलाज के लिए नजदीकी अग्रवाल अस्पताल, मुलुंड में भर्ती कराया, जहां उनका आपातकालीन उपचार चल रहा है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष बस निरीक्षक और सहायक बस निरीक्षक की टीम को तुरंत मौके पर तैनात किया गया है।
भांडुप पुलिस स्टेशन के अधिकारी दुर्घटना के सटीक कारणों, चालक की लापरवाही और तकनीकी खराबी की जांच कर रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर बस समय रहते नियंत्रित हो जाती तो इस बड़े हादसे और वाहनों की तोड़फोड़ को टाला जा सकता था।
