
पुणे में हुई बारिश के बाद बाढ़ की स्थिति (सोर्स: साेशल मीडिया)
पुणे: महाराष्ट्र में तटीय कोंकण क्षेत्र और मुंबई में पिछले दो दिनों से भारी बारिश हो रही है। पुणे के बारामती और इंदापुर तहसीलों में रविवार को मूसलाधार बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इसके बाद जिलाधिकारी के तत्काल अनुरोध पर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) को विशेष टीम तैनात करनी पड़ी।
अधिकारियों ने बताया कि बारामती तहसील में दिन में 83.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि इंदापुर में यह आंकड़ा 35.7 मिमी रहा। पुणे (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि इंदापुर के पास पुणे-सोलापुर राजमार्ग का एक हिस्सा जलभराव के कारण लगभग दो घंटे तक बंद रहा, लेकिन पानी कम होने के बाद यातायात फिर से शुरू हो गया।
जिले के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि इंदापुर के 70 गांवों के कई घरों और बारामती के 150 घरों में बारिश का पानी घुस गया, जिससे स्थानीय अधिकारियों को निवासियों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
एक अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी की आपातकालीन मांग के आधार पर एनडीआरएफ ने बारामती और इंदापुर में बचाव और राहत अभियान चलाने के लिए दो विशेष टीम तैनात की है। बारामती में 19 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।
कटेवाड़ी में, पानी से भरे अपने घर में फंसे सात लोगों के एक परिवार को स्थानीय लोगों और अधिकारियों ने बचाया। जलोची गांव में, मोटरसाइकिल के बह जाने के बाद एक नाले में फंसे रूपेश सिंह को दमकल कर्मियों बचाया।
केरल के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून ने महाराष्ट्र में भी समय से 12 दिन पहले दस्तक दे दी है। मौसम विभाग की अधिकारी सुभांगी ने बताया कि अगले 2 से 3 दिनों में मानसून मुंबई तक पहुंच सकता है। इस समय मानसून की उत्तरी सीमा महाराष्ट्र के देवगढ़ तक पहुंच चुकी है। आने वाले दिनों में राज्य के अन्य हिस्सों में भी अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। समय से पहले मानसून की एंट्री से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने रविवार को कोंकण और पश्चिमी महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों के लिए अगले कुछ दिनों तक मूसलाधार बारिश हो सकती है। रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग ज़िलों के साथ-साथ सातारा, पुणे और कोल्हापुर जिलों के घाट (पहाड़ी) इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
भारी बारिश के चलते मुंबई के कई हिस्सों में जलभराव, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
इस बीच बारामती से लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले ने एक संदेश में राज्य के उच्च शिक्षा मंत्रालय से पुणे जिले में भारी बारिश के कारण सोमवार को निर्धारित विभिन्न विभागों की परीक्षाएं स्थगित करने का अनुरोध किया।






