मां दुर्गा की प्रतिमा (फोटो नवभारत)
Gondia sakaritola Durga Puja: गोंदिया के सालेकसा तहसील मुख्यालय से 13 किलोमीटर दूर तथा आमगांव देवरी मुख्य मार्ग पर स्थित साकरीटोला (सातगांव) का सार्वजनिक नवदुर्गा उत्सव मंडल, हनुमान मंदिर, बाजार चौक मे पिछले 53 वर्षों से सामाजिक एकता और सदभाव भी मिसाल पेश कर रहा है। मां दुर्गा की प्रतिमा मस्जिद के ठीक सामने स्थापित कर माता की आराधना की जा रही है।
साकरीटोला में सार्वजनिक नवरात्रि की शुरुआत 60 के दशक में रंगलाल अग्रवाल के आवास के पास मां दुर्गा जी की स्थापना से शुरुआत की गई थी। इसके बाद 70 के दशक में जगह में कुछ परिवर्तन किया गया तथा मिश्रीलाल कटकवार की मिल के पास मां दुर्गा जी की स्थापना की जाने लगी।
80 के दशक से मस्जिद के ठीक आगे वसंत उमाटे के निवास के पास मां दुर्गा जी की स्थापना के लिए चबूतरा बनाया गया। तब से ही मस्जिद परिसर में मां दुर्गा की स्थापना की जा रही है। इसी परिसर में दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर भी है।
नवरात्रि में मां दुर्गा का जस, भजन, आरती ऊंची आवाज में शुरू होती है, तब मुस्लिम समुदाय द्वारा अपनी नमाज अजान को शांतिपूर्वक कर लिया जाता है। इसी प्रकार मुस्लिम समुदाय का कोई कार्यक्रम हो या नमाज पढ़ी जा रही हो और तब देवी के गीत काफी कम आवाज में शुरू रहते हैं।
एक ही परिसर में नवरात्र उत्सव, गणेश उत्सव, हनुमान मंदिर, मस्जिद कई सालों से है। लेकिन साकरीटोला के हिंदू व मुस्लिम समुदाय के लोग एक दूसरे के उत्सव मिलकर शांतिपूर्वक मना रही है।
इस वर्ष नवरात्रि उत्सव में दुर्गा पंडाल में दिनभर सामाजिक जन जागरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, रास गरबा व डांडिया, पारंपरिक लेजिम नृत्य कार्यक्रम चल रहे हैं। प्रतिदिन व्यापारी संगठना की ओर से महाप्रसाद का आयोजन किया जा रहा है। मुस्लिम समाज के लोगों ने अजान धीमी आवाज में अदा कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- World Heart Day 2025: युवाओं में बढ़ रहा हृदय रोग का खतरा, जानें क्या है कारण
इसी प्रकार शाम के समय मुस्लिम समाज के एक कार्यक्रम के दौरान दुर्गा पंडाल की ओर शांति रखी गई है। सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति के पदाधिकारी अध्यक्ष पृथ्वीराज शिवनकर, उपाध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संतोष बोहरे, सचिव संदीप अग्रवाल, सदस्य प्रभाकर दोनोडे, सुनील अग्रवाल, रमेश चुटे, राजू अग्रवाल, डॉ। संजय देशमुख आदि कार्यकर्ता अथक परिश्रम कर रहे हैं।
सार्वजनिक नवदुर्गा उत्सव मंडल साकरीटोला के अध्यक्ष पृथ्वीराज शिवनकर ने बताया कि साकरीटोला में नवरात्रि उत्सव बड़े ही शांतिपूर्वक तरीके से पिछले अनेक वर्षों से मनाया जा रहा है। सही मायने में यह सामाजिक सदभाव एकता का जीवंत उदाहरण है। समिति द्वारा जिम्मेदारी के साथ सामाजिक सौहार्द की दायित्व का निर्वहन करते हुए अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।