ठाणे मनपा की अवैध निर्माणों पर कार्रवाई, 3 माह में 50 मामले दर्ज, 198 निर्माण जमींदोज

Thane News: ठाणे मनपा ने अवैध निर्माणों पर सख्त कार्रवाई शुरू की है। जून से अब तक 264 मामलों में से 198 निर्माण जमींदोज किए गए और 50 नए मामले दर्ज किए गए हैं।
Thane 2800 Crore TDR Controversy
ठाणे मनपा (pic credit; social media) फाइल फोटो
Published on
Updated on

Thane Illegal Constructions: ठाणे महानगरपालिका क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ मनपा ने सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। जून महीने से अब तक 264 अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की गई है। इनमें से 198 निर्माणों को पूरी तरह जमींदोज किया गया है और 66 निर्माणों में अवैध अतिरिक्त निर्माण हटाए गए। मनपा आयुक्त सौरभ राव ने सभी प्रभाग समितियों, सहायक आयुक्तों और इंजीनियरों के साथ समीक्षा बैठक की।

आयुक्त राव ने कहा कि किसी भी तरह का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तुरंत एमआरटीपी के मामलों को दर्ज किया जाए। मामले दर्ज करते समय भौतिक निरीक्षण और तकनीक का उपयोग करके सटीक जानकारी सुनिश्चित की जाए।

मनपा ने तोड़ दिए गए निर्माणों के प्रवेश द्वारों को सील किया और लोगों को जागरूक करने के लिए बोर्ड लगाए गए हैं, जिनमें बताया गया है कि केवल अधिकृत निर्माण ही खरीदें। इसके अलावा, मोबाइल पर QR कोड लगाकर नागरिकों को यह जानकारी दी जा रही है कि कोई निर्माण नियमों के खिलाफ है या नहीं।

विशेष रूप से दिवा और मुंद्रा प्रभागों में कार्रवाई तेज की गई है। मनपा का अतिक्रमण विरोधी दस्ता नियमित रूप से अवैध निर्माणों की निगरानी कर रहा है। आयुक्त ने कहा कि अधिकारी जल्द से जल्द निरीक्षण कर कार्रवाई करें और अवैध निर्माणों को रोकने में कोई कमी न रह जाए।

इस अभियान से शहरवासियों को राहत मिली है, क्योंकि लंबे समय से अवैध निर्माणों के कारण इलाके में असुरक्षा और व्यवधान पैदा हो रहे थे। अब मनपा के कड़े रुख के चलते अवैध निर्माणकर्ता सतर्क हैं और नियमों का पालन करने पर मजबूर हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com