Gadchiroli: आज DGP रश्मि शुक्ला के सामने नक्सली करेंगे सरेंडर, C-60 कमांडोज़ का होगा सत्कार

Gadchiroli News: गड़चिरोली में DGP रश्मि शुक्ला का गुंडूरवाही पुलिस कैंप का दौरा किया। उन्होंने कहा माओवादी समस्या समाप्त कर क्षेत्र का विकास करेंगे। 74वां वाचनालय व कई परियोजनाओं का उद्घाटन।
Gadchiroli News: गड़चिरोली में DGP रश्मि शुक्ला का गुंडूरवाही पुलिस कैंप का दौरा किया। उन्होंने कहा माओवादी समस्या समाप्त कर क्षेत्र का विकास करेंगे। 74वां वाचनालय व कई परियोजनाओं का उद्घाटन।
डीजीपी रश्मि शुक्ला का गड़चिरोली दौरा (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

DGP Rashmi Shukla Gadchiroli Visit: राज्य की पुलिस महासंचालक रश्मि शुक्ला ने मंगलवार को अतिसंवेदनशील नवनिर्मित गुंडूरवाही पुलिस कैंप का दौरा कर स्थानीय नागरिकों से संवाद साधा। इस अवसर पर उनके हाथों 74वें सार्वजनिक वाचनालय का उद्घाटन तथा गर्देवाड़ा में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का लोकार्पण किया गया।

साथ ही उपपुलिस थाना लाहेरी की नई प्रशासनिक इमारत का भी उद्घाटन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अपर पुलिस महासंचालक (विशेष कार्रवाई) डा. छेरिंग दोरजे समेत वरिष्ठ अधिकारियों की प्रमुख उपस्थिति में “पुलिस दादालोरा खिड़की” के माध्यम से भव्य जनजागरण सम्मेलन का आयोजन किया गया।

सम्मेलन में उपस्थित नागरिकों को स्प्रे पंप, बड़े बर्तन, वाद्य सामग्री, सिलाई मशीन, ब्लैंकेट, लोअर-टीशर्ट, धोती, घमेला, महिलाओं को साड़ी व चप्पल, तथा विद्यार्थियों को साइकिल, पेन, नोटबुक, स्कूल बैग, क्रिकेट किट, वॉलीबॉल नेट, कपड़े, कंपास, चॉकलेट, बिस्कुट आदि सामग्री वितरण किया गया।

DGP ने किया आह्वान

नागरिकों से संवाद करते हुए पुलिस महासंचालक रश्मि शुक्ला ने कहा कि इस नए पुलिस सहायता केंद्र के माध्यम से गड़चिरोली पुलिस दल आपकी सभी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करेगा। छत्तीसगढ़ सीमा से लगे इस अतिदुर्गम फुलनार क्षेत्र में आने वाले समय में सड़क, स्वास्थ्य सेवा समेत आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही अधिकारियों–जवानों को स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले समय में हम माओवादी समस्या समाप्त कर गड़चिरोली जिले का विकास करेंगे।

74वां सार्वजनिक वाचनालय का उद्घाटन

उपविभाग हेडरी अंतर्गत अतिसंवेदनशील पुलिस सहायता केंद्र गर्देवाड़ा में विद्यार्थी, बेरोजगार युवा, महिलाओं व पुरुषों को मुख्य प्रवाह से जोड़ने, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहन देने तथा विद्यार्थियों में पढ़ने की रुचि व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को बढ़ावा देने हेतु “एक गांव–एक वाचनालय” योजना के तहत 74वें सार्वजनिक वाचनालय का उद्घाटन रश्मि शुक्ला के हाथों किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत ग्रंथदिंडी के साथ हुई, जिसमें छात्रों व नागरिकों ने पारंपरिक वेशभूषा एवं वाद्य प्रदान कर उत्साहपूर्ण सहभागिता दर्ज की। वाचनालय में अध्ययन कक्ष, टेबल, कुर्सियां, पुस्तकें, अलमारी और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। गर्देवाड़ा में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का लोकार्पण भी रश्मि शुक्ला के हाथों किया गया। यह प्रतिमा स्थानीय नागरिकों व अधिकारियों के सहयोग से स्थापित की गई है।

लाहेरी की नई प्रशासनिक इमारत का शुभारंभ

  • अपने दौरे के दौरान रश्मि शुक्ला व डा. छेरिंग दोरजे के हाथों उपपुलिस थाना लाहेरी की नई प्रशासनिक इमारत का उद्घाटन भी किया गया।
  • सुविधाओं से युक्त यह पुलिस स्टेशन अतिदुर्गम क्षेत्र में कार्यरत पुलिस अधिकारियों व स्थानीय नागरिकों के लिए अत्यंत लाभदायक साबित होगा।
  • कार्यक्रम में अपर पुलिस महासंचालक (विशेष कृती) डा. छेरिंग दोरजे, पुलिस उप-महानिरीक्षक गड़चिरोली परिक्षेत्र अंकित गोयल, सीआरपीएफ उप-महानिरीक्षक (ऑपरेशन) अजय कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल, अपर पुलिस अधीक्षक एम. रमेश, अपर पुलिस अधीक्षक कार्तिक मधीरा, एसडीपीओ अमर मोहिते, एसडीपीओ योगेश रांजणकर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

आज पुलिस महासंचालक के सामने नक्सली करेंगे सरेंडर

पुलिस महासंचालक रश्मि शुक्ला जिले में दो दिवसीय दौरे पर आयी है। मंगलवार को उन्होंने जिले के दुर्गम क्षेत्र का दौरा कर जायजा लिया। वहीं बुधवार को जिला पुलिस मुख्यालय में पुलिस महासंचालक के सामने नक्सली सदस्य सरेंडर करने वाले है। वहीं इस समय सी-60 (विशेष अभियान पथक) के जवानों का सत्कार किया जाएगा। ऐसी जानकारी पुलिस विभाग से मिली है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com