Mahayuti Campaig:चंद्रपुर मनपा चुनाव (सोर्सः सोशल मीडिया)
Chandrapur Municipal Election: चंद्रपुर महानगरपालिका चुनाव की पृष्ठभूमि में पालकमंत्री डॉ. अशोक उईके, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री हंसराज अहीर और विधायक किशोर जोरगेवार ने गुरुवार को शहर के विभिन्न हिस्सों में भाजपा-शिवसेना-रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले गुट) महायुति के प्रत्याशियों के समर्थन में संयुक्त जनसभाएं कीं। बाबूपेठ, महाकाली कॉलरी और पठानपुरा में आयोजित इन सभाओं में भारी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी देखी गई।
सभाओं को संबोधित करते हुए तीनों नेताओं ने स्पष्ट किया कि महायुति विकास के मुद्दे पर एकजुट होकर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के लिए महायुति प्रत्याशियों की जीत जरूरी है। नागरिकों से मिले उत्साहजनक प्रतिसाद को देखते हुए यह संकेत मिल रहा है कि इन इलाकों में भाजपा के प्रचार को अच्छी बढ़त मिली है।
इस अवसर पर पालकमंत्री डॉ. अशोक उईके ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य चंद्रपुर जिले का सर्वांगीण विकास है। केंद्र और राज्य सरकारों के माध्यम से जिले में कई विकास कार्य प्रगति पर हैं। पानी की आपूर्ति, सड़कें, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर सरकार लगातार काम कर रही है। इन विकास कार्यों की गति बनाए रखने के लिए महानगरपालिका में भी विकासोन्मुख नेतृत्व की आवश्यकता है। इसलिए उन्होंने महायुति के उम्मीदवारों को भारी बहुमत से जिताने की अपील की।
चंद्रपूर महानगरपालिका निवडणुकीकरिता भाजपा-शिवसेना महायुती उमेदवारांच्या विजयासाठी पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री हंसराज अहीर यांनी दि. 07 जानेवारी रोजी महाकाली वार्ड प्रभाग क्र.12, प्रभागातील उमेदवारांशी व कार्यकर्त्यांशी संवाद साधून चर्चा केली. भाजपा-शिवसेना महायुती… pic.twitter.com/gjhIg9Z6m9 — Hansraj Ahir (@ahir_hansraj) January 9, 2026
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री हंसराज अहीर ने कहा कि भाजपा केवल चुनाव जीतने वाली पार्टी नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों को न्याय दिलाने वाली पार्टी है। केंद्र और राज्य सरकारों ने ओबीसी, आदिवासी, दलित, महिलाएं और युवाओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। भाजपा इन योजनाओं का सीधा लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि चंद्रपुर शहर के तेज़ विकास के लिए महायुति को मजबूत करना आवश्यक है और आगामी चुनावों में महायुति उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करनी होगी।
ये भी पढ़े: किडनी कांड दबाने की कोशिश! पीड़ित रोशन पर बनाया शिकायत वापसी का दबाव, कांग्रेस ने सरकार पर बोला हमला
विधायक किशोर जोरगेवार ने कहा कि बाबूपेठ फ्लाईओवर जैसी वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया गया है और इस क्षेत्र के विकास के लिए बड़ा फंड उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि अब स्थानीय लोगों को उनके हक के मकानों के पट्टे भी मिलेंगे। आगे भी कई विकास कार्य प्रस्तावित हैं, जिनके लिए चंद्रपुर महानगरपालिका में भाजपा का महापौर होना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि बाबूपेठ, महाकाली कॉलरी और पठानपुरा की सभाओं में जनता का जोश महायुति की जीत का स्पष्ट संकेत है। पानी, सड़क, मकान के पट्टे, स्वच्छता, स्वास्थ्य और रोजगार महायुति की प्राथमिकताएं हैं। इन सभी सभाओं में बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।