भंडारा में HIV पर बड़ी जीत! 26 हजार जांच में सिर्फ 59 पॉजिटिव, कैसे हुआ चमत्कार?

HIV Infection Rate: भंडारा में HIV संक्रमण दर 21.73% से घटकर 0.22% हुई। 2,846 मरीज ART पर, 80 गर्भवती महिलाओं का सफल उपचार और 1–15 दिसंबर तक जागरूकता अभियान जारी।
HIV Infection Rate: भंडारा में HIV संक्रमण दर 21.73% से घटकर 0.22% हुई। 2,846 मरीज ART पर, 80 गर्भवती महिलाओं का सफल उपचार और 1–15 दिसंबर तक जागरूकता अभियान जारी।
HIV पर मात (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bhandara News: भंडारा जिले में एचआईवी नियंत्रण के लिए संचालित एआरटी (एंटी-रेट्रो वायरल थेरेपी) उपचार प्रभावी रूप से जारी है। वर्तमान में कुल 2,846 व्यक्ति नियमित रूप से एआरटी उपचार ले रहे हैं। अन्य जिलों के 311 रोगी भी भंडारा जिले में उपचाररत हैं। जिले में एचआईवी संक्रमण दर पिछले दो दशकों में उल्लेखनीय रूप से घटी है। 2002–03 में 626 जांचों में 136 पॉजिटिव मिले, संक्रमण दर 21.73% थी।

वहीं 2025 (अप्रैल–अक्टूबर) के बीच 26,981 लोगों की जांच में केवल 59 पॉजिटिव मिले, संक्रमण दर घटकर 0.22% रह गई। मां से बच्चे को संक्रमण रोकथाम में भी जिले ने महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। पिछले 7 वर्षों में एचआईवी पॉजिटिव 80 गर्भवती महिलाओं को समय पर उपचार दिया गया। जन्म के 18 माह बाद जांच में केवल 1 शिशु पॉजिटिव, जबकि 79 शिशु एचआईवी-निगेटिव पाए गए।

एचआईवी संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण

गर्भवती माताओं की जांच में भी सकारात्मक प्रगति दर्ज हुई है। 2003–04 में 3,145 गर्भवती महिलाओं में 23 पॉजिटिव (0.73%) थीं। जबकि 2025 (अप्रैल–अक्टूबर) में की गई 12,163 जांचों में एक भी महिला पॉजिटिव नहीं पाई गई। इन सभी आंकड़ों से स्पष्ट है कि जिला स्तर पर जागरूकता, समय पर जांच और एआरटी उपचार के चलते एचआईवी संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा रहा है।

प्रतियोगिता व जनजागृति कार्यक्रम

महाराष्ट्र राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी, मुंबई के मार्गदर्शन में भंडारा जिले में विश्व एड्स दिवस 1 दिसंबर के उपलक्ष्य में विविध जनजागृति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य एचआईवी/एड्स से जुड़ी जानकारी जन-जन तक पहुंचाना, लोगों को समय पर जांच के लिए प्रोत्साहित करना और भ्रांतियां दूर करना है। इस वर्ष की विश्व एड्स दिवस की थीम अड़चनों को पार कर, एकजुट होकर एचआईवी/एड्स से लड़ें, नया परिवर्तन लाएं है। एड्स दिवस पर 1 से 15 दिसंबर तक जनजागृति अभियान चलाया जा रहा है। इसमें जिला एड्स प्रतिबंध एवं नियंत्रण इकाई, जिला अस्पताल भंडारा की ओर से रेड रिबन क्लब, एनएसएस, महाविद्यालयीन छात्र, आईसीटीसी काउंसलर और लैब तकनीशियनों के सहयोग से एचआईवी/एड्स, क्षय रोग, एसटीआई/आरटीआई तथा एआरटी उपचार संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 10 दिसंबर को रंगोली व चित्रकला प्रतियोगिता एआरटी केंद्र, जिला अस्पताल में सुबह 11:30 बजे होगी।

विद्यार्थियों की साइकिल रैली

11 से 18 वर्ष आयु वर्ग के एचआईवी प्रभावित/संक्रमित बच्चों के लिए प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। विषय एचआईवी/एड्स जनजागृति, स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार, स्त्री-पुरुष समानता रखा गया है। प्रतिभागियों को सामग्री स्वयं लानी होगी। प्रथम पुरस्कार 1,500 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1,000 रुपये, तृतीय पुरस्कार 500 व प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।

महाविद्यालयीन विद्यार्थियों की साइकिल रैली भी निकाली जाएगी। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर कला पथक और अतिसंवेदनशील समूहों के बीच स्वयंसेवी संगठनों की मदद से पोस्टर मेकिंग, सोशल मीडिया पोस्ट, पथनाट्य, रंगोली, चित्रकला जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाई जा रही है।

अधिक से अधिक नागरिकों और सभी गर्भवती महिलाओं ने निःशुल्क एचआईवी जांच अवश्य करानी चाहिए। भंडारा जिले में जनजागृति का यह व्यापक अभियान संक्रमण पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

  • डॉ. संदीप कुमार गजभिये, जिला शल्यचिकित्सक, भंडारा।

तहसीलवार रोगियों की संख्या

तहसील रोगी
भंडारा 817
साकोली 429
लाखनी 431
पवनी 256
तुमसर 282
लाखांदुर 139
मोहाडी 181
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com