प्रतीकात्मक तस्वीर
Bhandara Crime News: महाराष्ट्र के भंडारा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मामूली कहासुनी और चरित्र पर किए गए संदेह ने हिंसक रूप अख्तियार कर लिया। मामला मोहाडी तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम नेरी का है। यहाँ दो गुटों के बीच हुई भयंकर मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब नेरी गांव की ही रहने वाली आरोपी पूनम देवगड़े ने 32 वर्षीय विवाहित महिला (शिकायतकर्ता) के साथ गाली-गलौज की। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला ने शिकायतकर्ता के चरित्र पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं, जिससे गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। जब पीड़ित महिला ने घर जाकर अपने पति को आपबीती सुनाई, तो पति इस अपमान का कारण पूछने आरोपियों के घर पहुंचा।
जब पीड़ित पति आरोपियों से पूछताछ करने पहुंचा, तो बात सुलझने के बजाय और बिगड़ गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी नितेश देवगड़े हाथ में बड़ा पत्थर लेकर बाहर निकला। उसने आव देखा न ताव और पीड़ित पति को घर के गेट से घसीटते हुए बाहर सड़क पर ले आया। नितेश ने हाथ में लिए पत्थर से पीड़ित के माथे पर जोरदार प्रहार किया। हमला इतना घातक था कि पीड़ित का सिर फट गया और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
हिंसा यहीं नहीं रुकी। मौके पर मौजूद अन्य आरोपियों कैलाश शेंडे और रमेश कारेमोरे ने भी बहती गंगा में हाथ धोते हुए पीड़ित को लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान आरोपी महिला पूनम देवगड़े लगातार गालियां देती रही और भविष्य में जान से मारने की धमकी भी दी। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हुए, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले।
यह भी पढ़ें:- पुणे पुलिस की ‘रील स्टार’ लेडी कांस्टेबल और PSI ने महिला प्रिंसिपल को किया ब्लैकमेल, 7 लाख की वसूली से हड़कंप
घटना के तुरंत बाद घायल व्यक्ति को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार और मेडिकल परीक्षण कराया गया। डॉक्टरों ने सिर पर गंभीर चोट की पुष्टि की है। इसके बाद पीड़ित महिला ने वरठी पुलिस स्टेशन में न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी नितेश देवगड़े, पूनम देवगड़े, कैलाश शेंडे और रमेश कारेमोरे के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। भंडारा पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।