Shetkari Karj Nivaran Yojana (सोर्सः सोशल मीडिया)
Bhandara Farmers: विभिन्न कार्यकारी सेवा सहकारी संस्थाओं तथा भंडारा जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक की किसी भी शाखा से ऋण लेकर बकाया रखने वाले किसान सदस्यों से ‘किसान कर्ज निवारण योजना-2026’(संभावित कर्जमाफी 2026) के तहत अपनी अद्यतन जानकारी और आवश्यक दस्तावेज जमा करने का आह्वान किया गया है।
यह अपील बैंक के अध्यक्ष सुनील फुंडे और जिला उपनिबंधक (सहकारी संस्था) शुद्धोधन कांबले ने संयुक्त रूप से की है। महाराष्ट्र सरकार ने ‘शेतकरी कर्ज निवारण योजना-2026’ लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत सरकार ने संबंधित संस्थाओं से बकायेदार किसानों की अद्यतन जानकारी मांगी है।
कर्जमाफी के पात्र किसान सदस्यों को अपना अद्यतन आधार कार्ड, उसी आधार से लिंक किया गया बैंक का सक्रिय बचत खाता क्रमांक तथा यदि संबंधित कर्जदार का निधन हो चुका हो तो अधिकृत वारिस नियुक्ति की प्रक्रिया पूर्ण कर वर्तमान निवास पते सहित संपूर्ण जानकारी संबंधित संस्था या बैंक शाखा में जमा करनी होगी।
इस संबंध में संबंधित संस्थाओं के नोटिस बोर्ड एवं कार्यालय के बाहर पात्र किसानों की सूची प्रदर्शित की गई है। गांवों में सार्वजनिक रूप से दवंडी (घोषणा) भी दी गई है, लेकिन अब तक अपेक्षित प्रतिसाद प्राप्त नहीं हुआ है।
संबंधित किसानों से आग्रह किया गया है कि वे शीघ्र ही अपनी संस्था के संचालक, समूह सचिव या बैंक शाखा प्रबंधक से संपर्क करें। यदि प्रक्रिया में किसी प्रकार की अड़चन आती है, तो तहसील सहायक निबंधक (सहकारी संस्था), संबंधित बैंक शाखा या जिला स्तर पर जिला उपनिबंधक (सहकारी संस्था), शिवाजी स्टेडियम के सामने स्थित भंडारा कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
बैंक अध्यक्ष सुनील फुंडे और जिला उपनिबंधक शुद्धोधन कांबले ने किसानों से अपील की है कि वे संभावित कर्जमाफी योजना का लाभ उठाकर कर्जमुक्त होने के लिए अपनी जानकारी और आवश्यक दस्तावेज शीघ्र प्रस्तुत करें।