मुंबई एयरपोर्ट पर दर्दनाक हादसा: कार्गो कॉम्प्लेक्स में ट्रक ने कर्मचारी को कुचला, 20 साल से कर रहे थे सेवा
Mumbai Airport Accident: मुंबई एयरपोर्ट के सहार एयर कार्गो कॉम्प्लेक्स में फार्मा दस्तावेज क्लियर करने गए 46 वर्षीय लॉजिस्टिक्स कर्मचारी गणेश लोटणकर की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई।
- Written By: आकाश मसने
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Logistics Employee Hit By Truck At Mumbai Airport: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) के भीतर एक हृदय विदारक दुर्घटना की खबर सामने आई है। 16 फरवरी 2026 को हवाई अड्डे के सहार एयर कार्गो कॉम्प्लेक्स के भीतर एक ट्रक की चपेट में आने से 46 वर्षीय लॉजिस्टिक्स कर्मचारी की दुखद मृत्यु हो गई। इस घटना ने एयरपोर्ट परिसर के भीतर भारी वाहनों के परिचालन और कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा
मृतक की पहचान नालासोपारा (पूर्व) निवासी गणेश लोटणकर के रूप में हुई है। लोटणकर पिछले 20 वर्षों से ‘गॉर्डन वुड्रोफ लॉजिस्टिक्स लिमिटेड’ (Gordon Woodroffe Logistics Limited) में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनकी मुख्य जिम्मेदारी विदेशों में निर्यात किए जाने वाले माल के दस्तावेजों को क्लियर करना था। जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार शाम करीब 5:30 बजे की है, जब वह अपनी नियमित ड्यूटी पर तैनात थे।
फार्मा जोन में ‘काल’ बनकर आया ट्रक
एफआईआर (FIR) के मुताबिक, लोटणकर लंबित फार्मास्यूटिकल कार्गो दस्तावेजों को क्लियर करने के लिए मुंबई एयरपाेर्ट में कॉम्प्लेक्स के भीतर स्थित ‘फार्मा जोन’ की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान एक लाल रंग के आयशर ट्रक (पंजीकरण संख्या MH 04 KF 9499) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। चश्मदीदों ने बताया कि ट्रक लोटणकर की कमर के ऊपर से निकल गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सहयोगी दत्ता ढमाले ने बताया कि उन्हें सुरक्षाकर्मियों से इस दुर्घटना की सूचना मिली।
सम्बंधित ख़बरें
सावरकर को भारत रत्न देने के प्रस्ताव पर विधानसभा में हंगामा, बीजेपी विधायक मुनगंटीवार ने अपनी ही सरकार को घेरा
विधायक के खाने में मिली मक्खी, महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र में हंगामा, अध्यक्ष ने दिया जांच का आदेश
वे महाराष्ट्र के गद्दार और राज्य के दुश्मन, मिसिंग लिंक की आलोचना करने वालों पर एकनाथ शिंदे का भड़का गुस्सा
क्या महाराष्ट्र अब बिहार बन गया है? करोड़ों की नकदी और विधायक की पत्नी की धमकी पर जयंत पाटिल का बड़ा धमाका
अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ा
हादसे के तुरंत बाद वहां मौजूद कर्मचारियों ने लोटणकर को विले पार्ले स्थित कूपर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती करने से पहले ही मृत घोषित कर दिया। उनके छोटे भाई संतोष लोटणकर ने सहार पुलिस स्टेशन में इस लापरवाही के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
यह भी पढ़ें:- मुंबई की सड़कों पर दौड़े मैक्रों, मरीन ड्राइव पर की जॉगिंग, 26/11 हमले के पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि
पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा पर सवाल
सहार पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 के तहत लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाकर मौत का कारण बनने का मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि वे आरोपी ड्राइवर की तलाश कर रहे हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह घटना मुंबई में हाल ही में हुई अन्य ढांचागत दुर्घटनाओं के बीच सामने आई है, जैसे कि मुलुंड में मेट्रो 4 के निर्माण के दौरान हुआ स्लैब हादसा। एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील और सुरक्षित क्षेत्र के भीतर ट्रक द्वारा किसी अनुभवी कर्मचारी को कुचला जाना प्रबंधन की बड़ी चूक की ओर इशारा करता है।
