Thane News: बदलापुर में शिवसेना और भाजपा के बीच खूनी झड़प, मनोनीत पार्षद की बेरहमी से पिटाई
Shiv Sena BJP Clash: बदलापुर में शिवसेना और भाजपा के बीच हिंसक झड़प में मनोनीत नगरसेवक हेमंत चतुरे की बेरहमी से पिटाई, तीन आरोपी गिरफ्तार, इलाके में तनाव।
- Written By: आंचल लोखंडे
Hemant Chature assault (सोर्सः सोशल मीडिया)
Badlapur Violence: चुनाव के बाद भी बदलापुर में शिवसेना (शिंदे गुट) और भाजपा के बीच टकराव थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार रात वालिवली इलाके में शिवसेना के मनोनीत नगरसेवक हेमंत चतुरे की बेरहमी से पिटाई किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, हेमंत चतुरे अपने साथियों के साथ सोनीवली में माघी गणेशोत्सव के दर्शन के लिए गए थे।
इसी दौरान भाजपा पदाधिकारी तेजस उर्फ बंटी म्हस्कर अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे। दोनों गुटों के आमने-सामने आने पर कहासुनी बढ़ गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। चतुरे का आरोप है कि विवाद के दौरान तेजस म्हस्कर के साथ मौजूद करीब 20 से 25 लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कथोरे और वामन म्हस्कर गुट के बीच तनाव बढ़ गया था
गौरतलब है कि बदलापुर शहर में शिवसेना के उपशहर प्रमुख रहे बंटी उर्फ तेजस म्हस्कर विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे। इसके बाद से विधायक कथोरे गुट और शिवसेना नगर प्रमुख वामन म्हस्कर गुट के बीच तनाव बढ़ गया था। हाल ही में हुए नगर पालिका आम चुनावों में बंटी म्हस्कर की पत्नी और शिवसेना के हेमंत चतुरे के बीच कड़ा मुकाबला हुआ था, जिसमें म्हस्कर की पत्नी विजयी रहीं, जबकि चतुरे को हार का सामना करना पड़ा।
सम्बंधित ख़बरें
मोहाडी में जल संकट को लेकर अनशन शुरू, करोड़ों खर्च के बावजूद कई वार्डों में पानी नहीं
तुमसर बाजार समिति में कामगारों का आंदोलन तेज, चरण वाघमारे पहुंचे समर्थन में, समाधान का आश्वासन
भंडारा में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान, लाखनी तहसील के 15 गांवों में फसलें प्रभावित
गोसीखुर्द विस्थापितों से मिलीं मेधा पाटकर, पुनर्वास और मुआवजे के मुद्दे पर फिर उठी आवाज
ये भी पढ़े: Davos Tour से महाराष्ट्र को बड़ी सौगात: 30 लाख करोड़ के निवेश समझौते, सीएम फडणवीस का दावा
तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया
इसके बावजूद शिवसेना ने चतुरे को मनोनीत नगरसेवक बनाकर सदन में शामिल किया था। इस घटना के बाद बदलापुर में शिवसेना और भाजपा के बीच राजनीतिक माहौल एक बार फिर गर्मा गया है। सहायक पुलिस आयुक्त शैलेश काले ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और तीन आरोपियों योगेश म्हस्कर, तेजस म्हस्कर और सागर म्हस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
