छत्रपति संभाजीनगर मनपा ने बदले 12 संवेदनशील कचरा स्थलों के दिन, घंटा गाड़ी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
Chhatrapati Sambhajinagar News:छत्रपति संभाजीनगर मनपा ने 12 प्रमुख कचरा संवेदनशील स्थलों को स्वच्छ व सुंदर बनाया है। घंटा गाड़ी की समस्या के लिए आयुक्त अमोल येड़गे ने हेल्पलाइन 8888778851 जारी की।
- Written By: रूपम सिंह
कचरा स्थल (सोर्स- सोशल मीडिया)
Chhatrapati Sambhajinagar Waste Management: छत्रपति संभाजीनगर शहर के कचरा संवेदनशील माने जाने वाले 12 प्रमुख स्थलों का सफलतापूर्वक कायाकल्प करते हुए महानगरपालिका ने उन्हें पूरी तरह स्वच्छ व आकर्षक बना दिया है। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विभाग की ओर से चलाए गए विशेष अभियान के तहत इन स्थानों पर कचरा फेंकने पर रोक लगाई गई व बाद में इन क्षेत्रों का सौंदर्याकरण किया गया। इससे शहर की सुंदरता में वृद्धि हुई है व नागरिकों के लिए सार्वजनिक स्थान भी अधिक उपयोगी बन गए हैं।
मनपा आयुक्त अमोल येड़गे के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान को महापौर समीर राजूरकर, उपमहापौर राजेंद्र जंजाल, सभापति अनिल मकरिये, सभागृह नेता गोविंद केंद्रे, विपक्ष नेता अब्दुल समीर तथा विभिन्न प्रभागों के जनप्रतिनिधियों का सहयोग भी मिला।
छत्रपति संभाजीनगर शहर में सड़कों व सार्वजनिक स्थलों पर वर्षों से बन चुके अनधिकृत कचरा स्थलों की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए मनपा ने योजनाबद्ध तरीके से अभियान चलाया। सबसे पहले उन स्थानों की पहचान की गई जहां नियमित रूप से कचरा डाला जा रहा था। कचरा संकलन वाहनों के समय पर न पहुंचना, समय-सारणी में असंगति की शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं हैं।
सम्बंधित ख़बरें
मानसून में बत्ती गुल होने पर न हों परेशान; महावितरण ने जारी किए 24 घंटे एक्टिव टोल-फ्री नंबर!
छत्रपति संभाजीनगर के लिए बड़ी खुशखबरी! 12 जून से शुरू होगी नई जलापूर्ति योजना, मिलेगा भरपूर पानी
छत्रपति संभाजीनगर मनपा में करोड़ों का टेंडर घोटाला? विधायक प्रशांत बंब ने सौंपी 21 मामलों की लिस्ट!
छत्रपति संभाजीनगर में मानसून का इंतजार, छाए रहे बादल, उमस ने बढ़ाया पारा, 12-18 जून के बीच बारिश की संभावना
घंटा गाड़ी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
मनपा आयुक्त अमोल येड़गे ने बताया कि शहर में 100 प्रश डोर-टू-डोर कचरा संकलन व्यवस्था लागू है व सभी वाहनों की निगरानी ट्रैकिंग सिस्टम के माध्यम से की जा रही है। यदि किसी क्षेत्र में घटा गाड़ी समय पर नहीं पहुंचती या अन्य कोई समस्या है तो नागरिक 8888778851 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
उन्होंने नागरिकों से सड़क पर कचरा न फेंकने की अपील करते हुए कहा कि दुकानदारों के लिए दुकान के बाहर डस्टबिन रखना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना व अन्य कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें :- मानसून में बत्ती गुल होने पर न हों परेशान; महावितरण ने जारी किए 24 घंटे एक्टिव टोल-फ्री नंबर!
कचरा फेंकने वालों पर अब की जाएगी सख्त कार्रवाई
अभियान के अंतर्गत नागेश्वरवाड़ी, आकाशवाणी, देवलाई, सातारा क्षेत्र, जटवाड़ा रोड, शिवाजी हाईस्कूल परिसर, आजाद चौक-रोशन गेट मार्ग, गुलमंडी, कुंभारवाड़ा, मिल कॉर्नर से बारापुल्ला गेट तथा सिल्लेखाना सहित 12 प्रमुख कचरा संवेदनशील स्थानों को स्वच्छ व सुंदर बनाया गया है। मनपा का अगला लक्ष्य अब नालों के किनारे रहने वाले नागरिकों पर केंद्रित रहेगा।
प्रशासन के अनुसार कुछ क्षेत्रों में घरों से सीधे नालों में कचरा फेंके जाने की शिकायतें सामने आई हैं। ऐसे घरों की जांच कर यह देखा जाएगा कि वे घर-घर कचरा संकलन सेवा का उपयोग कर रहे है या नहीं। नालों में कचरा डालकर प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त नंदकिशोर भोंबे ने बताया कि विशेष टीमें ऐसे घरों की जांच करेगी।
