छत्रपति संभाजीनगर: Wrong Side वालों की खैर नहीं! दो दिनों में 1098 वाहनों पर हुई कार्रवाई
Police Action On Wrong Side Driving: छत्रपति संभाजीनगर में यातायात पुलिस ने दो दिन के विशेष अभियान में एकतरफा मार्गों पर नियम तोड़ने वाले 1098 वाहनों पर कार्रवाई कर 7.07 लाख रुपये जुर्माना वसूला।
- Written By: आलोक उमाकृष्ण
कार्रवाई करती पुलिस (सोर्सः फाइल फोटो)
Sambhajinagar Traffic Police Action On Wrong Side Driving: शहर के गुलमंडी क्षेत्र सहित प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर प्रवेश निषिद्ध और एकतरफा मार्गों पर उल्टी दिशा में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। दो दिनों में कुल 1098 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 7 लाख 7 हजार 750 रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई
यातायात विभाग के अनुसार गुलमंडी क्षेत्र में शहर और जिले से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। इससे पैठण गेट, बाराभाई ताजिया, सिटी चौक, सुपारी हनुमान मंदिर और गोमटेश मार्केट क्षेत्र में भारी भीड़ रहती है। इन मार्गों को पहले ही एकतरफा घोषित किया जा चुका है, लेकिन कई वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर विपरीत दिशा से प्रवेश कर रहे थे, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी।
इसी को देखते हुए 21 और 22 जून को विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पैठण गेट से बाराभाई ताजिया, सिटी चौक से सुपारी हनुमान मंदिर, गोमटेश मार्केट तथा गांधी पुतला से सिटी चौक मार्ग पर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
सम्बंधित ख़बरें
अकोला की स्कूलों में नहीं पहुंचीं निःशुल्क किताबें, सीईओ ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
सदर फ्लाईओवर के डिजाइन पर लगा ब्रेक: नितिन गडकरी की पहल रंग लाई, कलेक्टर को भेजी गई जमीन अधिग्रहण की चिट्ठी!
मुंबई में BMC कर्मचारी की दर्दनाक मौत, पानी की टंकी से गिरकर गई जान; KEM अस्पताल में तोड़ा दम
बारामती एयरपोर्ट के रनवे पर बड़ा हादसा, कारवार एविएशन का ट्रेनी प्लेन क्रैश, सामने आया पहला VIDEO
यह भी पढ़े:- मुंबई: मध्य रेल के 11 कर्मचारियों को मिला महाप्रबंधक संरक्षा पुरस्कार, समय रहते टालीं थीं संभावित दुर्घटनाएं
यातायात विभाग की नागरिकों से अपील
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय शर्मिला घारगे-वालावलकर तथा सहायक पुलिस आयुक्त यातायात सुभाष भुजंग के मार्गदर्शन में की गई। अभियान का नेतृत्व सहायक पुलिस निरीक्षक रविकांत गच्चे, शहर यातायात शाखा-1 तथा सहायक पुलिस निरीक्षक मदनसिंह गुनावत, शहर यातायात शाखा-2 ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ किया।
ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पैठण गेट से बाराभाई ताजिया, रंगारगली मार्ग, सिटी चौक से गुलमंडी, गोमटेश मार्केट, गांधी पुतला से सिटी चौक तथा चेलीपुरा से शाहगंज चमन जैसे एकतरफा मार्गों पर यातायात नियमों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट
