

11 Employees Honoured With GM Safety Award In Mumbai: मध्य रेल के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने जून 2026 के लिए मुंबई, पुणे, भुसावल और नागपुर मंडल के 11 कर्मचारियों को सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने में दिखाई गई सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और समयोचित कार्रवाई के लिए संरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इन कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए संभावित दुर्घटनाओं को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रत्येक पुरस्कार में पदक, प्रशस्ति-पत्र, उत्कृष्ट संरक्षा कार्य का उल्लेख और नकद पुरस्कार शामिल है।
मुंबई मंडल के रेलकर्मियों की सतर्कता और त्वरित निर्णय क्षमता ने कई संभावित रेल हादसों को टाल दिया। लोको पायलट मिलिंद खांडगले, ट्रेन मैनेजर दशरथ सिंह और उप स्टेशन प्रबंधक गौरव कुमार ने मालगाड़ी के ब्रेक फेल होने की गंभीर स्थिति में तुरंत कार्रवाई कर बड़ी दुर्घटना होने से बचाया। वहीं हरिकृष्ण ने कोच के सीबीसी नकल में आई दरार की समय रहते पहचान की।
नितेश कुमार यादव ने रेल पटरियों में फ्रैक्चर का पता लगाया, जबकि संतोष जाधव ने पॉइंट मशीन में तकनीकी खराबी पकड़कर रेल संचालन को सुरक्षित बनाए रखा। इन कर्मचारियों की सूझबूझ, जिम्मेदारी और सतर्कता ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए रेलवे संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पुणे मंडल के एसके मंडल ने पावर ब्लॉक के दौरान ओएचई कर्मचारियों को ट्रैक पर कार्य करते देख तुरंत लोको रोककर बड़ा हादसा टाल दिया। वहीं आरपीएफ के प्रधान आरक्षक डीटी कोकले ने तेज आंधी में झूल रहे ध्वज स्तंभ से यात्रियों को सुरक्षित हटाया।
भुसावल मंडल के रविंद्र गनवीर ने वैगन की तकनीकी खराबी तथा बलिराम चौधरी ने हॉट एक्सल की पहचान कर दुर्घटना रोकी, जबकि नागपुर मंडल के स्टेशन प्रबंधक सुरेश चंद मीना ने मालगाड़ी के वैगन में लगी आग पर समय रहते नियंत्रण पाया।