(फोटो सोर्स सोशल मीडिया)
मुंबई : माहिम विधानसभा सीट को लेकर सत्तारूढ़ महायुति में चल रही मतभेदों की खबरों पर केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने सफाई पेश की है। रविवार को मुंबई में मतभेद की खबरों का खंडन करते हुए उन्होंने कहा कि इस सीट पर तीन बार के विधायक रह चुके सरवणकर अमित ठाकरे से ज्यादा मजबूत उम्मीदवार हैं। उल्लेखनीय है कि माहिम विधानसभा सीट पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता अमित ठाकरे का मुकाबला शिवसेना के सदानंद सरवणकर से होगा।
इस दौरान रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) प्रमुख ने अमित ठाकरे को लेकर कहा कि वे अभी पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं और उनकी एकमात्र योग्यता यह है कि वह मनसे प्रमुख राज ठाकरे के बेटे हैं। बता दें कि आगामी विधानसभा चुनाव में अमित ठाकरे पहली बार चुनाव लड़ने जा रहे हैं, जबकि सरवणकर माहिम से दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) महायुति के सहयोगी दलों में से एक है। महायुति में भाजपा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और शिवसेना शामिल हैं।
ऐसी खबरें आ रही थी कि इस सीट से भाजपा मनसे उम्मीदवार का समर्थन करना चाहती है। वहीं, शिवसेना नेता सरवणकर ने कहा है कि वह मैदान से पीछे नहीं हटेंगे। ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत के दौरान आठवले ने कहा, “बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक और इंदु मिल माहिम निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं और मुझे नहीं लगता कि सरवणकर पर दबाव डालना अच्छा है। वह मौजूदा विधायक हैं तथा अमित ठाकरे से मजबूत उम्मीदवार हैं और वह जीतेंगे।”
इस दौरान जब आठवले से भाजपा द्वारा मनसे उम्मीदवार का समर्थन किए जाने पर पूछा गया तो उन्होंने इस बारे में कुछ भी कहने से इंकार कर दिया और कहा कि सरवणकर महायुति के आधिकारिक उम्मीदवार हैं। आठावले ने आगे कहा, “अमित ठाकरे ने माहिम निर्वाचन क्षेत्र में कोई काम नहीं किया है और उनकी एकमात्र योग्यता यह है कि वह राज ठाकरे के बेटे हैं। वह अभी राजनीति में आए हैं और भविष्य में उन्हें बहुत कुछ करना है।”
यह भी पढ़ें-कांग्रेस नेता नाना पटोले का PM को पत्र, कहा- देश में पहले से ही कपास का बड़ा स्टॉक, आयात पर बैन लगाए सरकार
कई निर्वाचन क्षेत्रों में बागी उम्मीदवारों द्वारा गठबंधन को नुकसान पहुंचाने की संभावना के बारे में जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने कहा, “जब भी बागी चुनाव लड़ते हैं, तो इससे नुकसान होता है। इसका हरियाणा में कांग्रेस पर असर पड़ा है। मुझे लगता है कि कल 99 प्रतिशत बागी अपना नाम वापस ले लेंगे। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अन्य नेता इन उम्मीदवारों से मिल रहे हैं।” गौरतलब है कि महाराष्ट्र में 20 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने हैं। मतगणना 23 नवंबर को होगी।
(एजेंसी इनपुट के साथ)