अनिल देखमुख (सोर्स: सोशल मीडिया)
नागपुर : महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने आज कहा कि वह जल्द ही अपनी एक किताब लेकर आएंगे जिसमें उन्हें झूठे आरोपों में फंसाकर उनके खिलाफ की गई साजिश का पुरा ब्यौरा होगा और उन लोगों को भी इस किताब में बेनकाब किया जाएगा जिन्होंने पिछली MVA सरकार को हटाने के लिए काम किया था।
आज इस बाबत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नेता देशमुख ने कहा कि उन्होंने 14 महीने की जेल के दौरान ‘डायरी ऑफ होम मिनिस्टर’ नामक पुस्तक लिखना शुरू किया था। उन्होंने कहा कि पुस्तक जल्द ही जारी होगी और यह मराठी, हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध होगी। इस पुस्तक में यह भी बताया जाएगा कि लंबी अदालती लड़ाई के बाद वे किस तरह जेल से बाहर आए।
यहां पढ़ें – मुंबई से सटे ठाणे में हिट एंड रन केस का मामला, मर्सिडीज ने 21 साल के लड़के मारी टक्कर हुई मौत
जानकारी दें कि पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख कथित भ्रष्टाचार के आरोप में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के एक मामले का और धन शोधन के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दर्ज एक अन्य मामले का सामना कर रहे हैं। देशमुख ने अप्रैल 2021 में राज्य के गृह मंत्री के पद से अपना इस्तीफा दे दिया था और नवंबर 2021 में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं दिसंबर 2022 में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। देशमुख ने किसी का नाम लिए बगैर कहा, “यह किताब मेरे खिलाफ पूरी साजिश के बारे में बताएगी, कि कैसे मेरे जरिए महा विकास आघाडी (MVA) सरकार को उखाड़ फेंकने की कोशिश की गई और कैसे मुझे झूठे मामले में फंसाया गया तथा 14 महीने तक जेल में रखा गया, क्योंकि मैंने (उनकी बात मानने से) इनकार कर दिया था।”
यहां पढ़ें – कोलकाता केस : जूनियर डॉक्टर्स की भूख हड़ताल खत्म, आज की हेल्थ स्ट्राइक भी कैंसिल, अब 26 अक्टूबर को क्या?
उन्होंने यह भी कहा कि पुस्तक में यह भी जानकारी मिलेगी कि जब वह महाराष्ट्र के गृह मंत्री थे, तो उनके खिलाफ किसने और कैसे साजिश रची तथा यह भी कि कैसे और किसने तत्कालीन उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली MVA सरकार को गिराने के लिए काम किया। पूर्व गृह मंत्री देशमुख ने कहा कि इसमें यह भी बताया जाएगा कि कैसे उन्हें 14 महीने जेल में बिताने पड़े और कैसे उन्हें और उनके परिवार को एक झूठे मामले में परेशान किया गया है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)