Amravati Murder Case (सोर्सः सोशल मीडिया)
Amravati Police Investigation: अमरावती शहर के कपिलवस्तु नगर में शनिवार की देर रात पुरानी रंजिश के चलते 20 वर्षीय युवक पर चाकू से सपासप वारकर हत्या करने की घटना सामने आई। मृतक का नाम संतोष उर्फ संत्या राजू बन (20, कपिलवस्तुनगर) है। इस मामले में गाडगेनगर थाने के डीबी ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिसमें 3 नाबालिग का समावेश है। गिरफ्तार आरोपियों में साहिल मावसकर (20) प्रतिक चव्हाण (20, दोनों जयश्रीराम नगर निवासी) का समावेश है।
सूत्रों के अनुसार संतोष और आरोपियों के बीच कुछ माह पूर्व विवाद हुआ था जिससे संतोष के खिलाफ आरोपियों में खुन्नस थी। शनिवार की देर रात कपिलवस्तु नगर में संतोष बैठा था। रात करीब 1.30 से 2 बजे के बीच 2 मोटरसाइकिल पर 5 से 6 युवक आए और संतोष पर चाकू से सपासप वार कर दिए। शोरशराबा सूनकर जब परिसर के लोग और संतोष का भाई मौके की ओर दौड़ा तो सभी आरोपी फरार हो गए। इस बीच आरोपियों ने अपना एक वाहन भी मौके पर ही छोड़ दिया था। संतोष को तत्काल परिजनों व दोस्तों ने जिला अस्पताल में लाया। जहां जांच पश्चात डॉक्टरों ने संतोष बन को मृत घोषित किया। संतोष पर चाकू के तीन से चार गंभीर घांव थे।
घटना की जानकारी गाडगेनगर पुलिस को मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया। पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे को जानकारी मिलते ही वह जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारी व कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस मामले में गाडगेनगर थाने की डीबी टीम ने देर रात पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें तीन नाबालिग का भी समावेश है। पुलिस ने आरोपी साहिल मावसकर व प्रतीक चव्हाण को हिरासत में लिया। आगे की जांच गाडगेनगर पुलिस कर रही है।
अमरावती शहर जो कभी अपनी शांति के लिए जाना जाता था, पिछले कुछ महीनों से खून-खराबे और बढ़ते अपराधों के कारण सुर्खियों में है। नए साल की शुरुआत से लेकर 12 अप्रैल 2026 तक के आंकड़ों पर नजर डालें, तो शहर में अब तक 11 हत्या की वारदातें दर्ज हो चुकी हैं। औसतन हर 10 दिन में एक कत्ल की इन घटनाओं ने नागरिकों के बीच डर का माहौल पैदा कर दिया है।
ये भी पढ़े: आशा भोसले को नम आंखों से विदाई, सांसद अनिल बोंडे बोले-उनकी आवाज़ अमर रहेगी
पिछले वर्ष 31 मार्च तक शहर में 8 हत्या की घटनाएं सामने आई थी। वहीं इस वर्ष 12 अप्रैल तक 11 हत्या की घटनाएं सामने आई है जिससे अब यह आंकड़ा सालभर कितने उछलेगा या फिर पुलिस इसे रोकेंगी, यह देखना होगा, राजापेठ थाने में 2, खोलापुरीगेट में 2, वलगांव, राजापेठ, फ्रेजरपुरा, बडनेरा, भातकुली, गाडगेनगर थाने में 1-1 और एक अन्य ऐसी कुल 11 हत्या की वारदातें घटित हुई। इसी तरह पिछले वर्ष हत्या के प्रयास के 8 मामले दर्ज हुए थे। वहीं इस वर्ष 2 अप्रैल तक कुल 14 मामले दर्ज किए गए है।
गाडगेनगर थाने के पुलिस निरीक्षक गोरखनाथ जाधव ने बताया कि पुराने विवाद में यह हत्या हुई है। इस मामले में देर रात ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें से तीन आरोपियों के आयु की जांच की जा रही है।