अकोला में खूनी खेल! पुराने विवाद में युवक की चाकू गोदकर हत्या, चलती ट्रेन से खींचकर पुलिस ने कातिलों को दबोचा

Akola Murder News: अकोला के शिवनी में अभिषेक गवई की चाकू गोदकर हत्या। पुलिस ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे दो आरोपियों को रेलवे स्टेशन से दबोचा। पुराने विवाद में हुई वारदात।
Akola Police arrested two accused from the railway platform for the brutal murder of 24-year-old Abhishek Gawai in Shivani. The murder was fueled by an old dispute.
गिरफ्तार आरोपियों के साथ पुलिस टीम (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

Akola Abhishek Gawai Murder Case: अकोला शहर के एमआईडीसी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात शिवनी परिसर स्थित डा. बाबासाहब आंबेडकर चौक पर चाकू से हुए हमले में 24 वर्षीय युवक अभिषेक गवई की मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में खलबली फैल गई।

मृतक के पिता रविंद्र गवई ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी, अन्यथा अंतिम संस्कार न करने की चेतावनी दी थी। पुलिस ने तत्काली टीम का गठन कर रेलवे प्लेटफॉर्म पर चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे दोनों आरोपियों को ट्रेन में चढ़ने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया।

पेट और पीठ पर किए कई वार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभिषेक गवई भोजन कर घर लौट रहा था। इसी दौरान पंचशील किराना दूकान के पास 3 से 4 अज्ञात व्यक्तियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में घर पहुंचने का प्रयास करते समय उसके पेट और पीठ पर हुए वारों से उसकी मौत हो गई। बाद में स्पष्ट हुआ कि यह हमला पुराने विवाद के चलते किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने स्थानीय अपराध शाखा अकोला के पुलिस निरीक्षक शंकर शेलके को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। पुलिस निरीक्षक शेलके ने अपनी टीम के साथ घटना स्थल का दौरा कर जानकारी जुटाई और एमआईडीसी पुलिस स्टेशन व स्थानीय अपराध शाखा की तीन टीमों का गठन किया।

फरार होने की तैयारी में थे आरोपी

गुप्त सूचना व तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि आरोपी रेलवे से फरार होने की तैयारी में हैं। इसके बाद पुलिस निरीक्षक शंकर शेलके और उनकी टीम रेलवे स्टेशन पहुंची। रेलवे प्लेटफॉर्म पर आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगे और चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। इसी दौरान अकोला पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें ट्रेन में चढ़ने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए आरोपियों में अयोग सावद (20) निवासी बहुजन नगर, शिवनी और गणेश सोनी (20) निवासी राहुल नगर, शिवनी शामिल हैं। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने पुराने विवाद के चलते अभिषेक गवई (23) की हत्या की है। पूरी कार्रवाई का मार्गदर्शन पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com