Bishnoi Gang का बॉलीवुड पर बढ़ता खतरा? रोहित शेट्टी फायरिंग केस में शुभम लोणकर की तलाश तेज

Bollywood producer Rohit Shetty के घर हुई फायरिंग के एक सप्ताह बाद भी मुख्य आरोपी फरार है। पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन जांच एजेंसियां अब भी मुख्य शूटर की तलाश में जुटी हैं।
Rohit Shetty House Firing Case Chargesheet
रोहित शेट्टी फायरिंग केस (सौ. डिजाइन फोटो )
Published on: 
Updated on: 

Rohit Shetty Firing Case: बॉलीवुड निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की घटना को करीब एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी मुंबई पुलिस के हाथ खाली हैं। हालांकि पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

लेकिन पुलिस सूत्रों के अनुसार ये सिर्फ छोटी मछलियां हैं। उन्होंने वारदात में सहायता की थी। अभी तक मुंबई पुलिस को मुख्य शूटर नहीं मिला है, जिसने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया, और मुख्य आरोपी शुभम लोणकर, जिसने फायरिंग की जिम्मेदारी ली है, फरार है।

मुंबई पुलिस के साथ-साथ देश की अन्य जांच एजेंसियां भी इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि फरार लोणकर विदेश में बैठकर किसके माध्यम से शूटरों तक पैसे और अन्य सुविधाएं पहुंचा रहा है।

कहां ठहरा था शूटर ?

मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल (एईसी) घटनास्थल पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, और एक-एक कड़ी जोड़कर जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पुणे से मुंबई आने के बाद गिरफ्तार आरोपी और फरार अज्ञात शूटर कहां ठहरे हुए थे। इनके संपर्क में और कितने लोग थे, जिन्होंने उनकी मदद की है और कब-कब इन्होंने रेकी की थी।

शुभम चला रहा है बिश्नोई गैंग

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बिश्नोई गैंग को फिलहाल शुभम लोणकर चला रहा है। क्योंकि लॉरेंस बिश्नोई और अनमोल बिश्नोई दोनों देश की प्रमुख जेलों में बंद हैं। लोणकर का मकसद बॉलीवुड में बिश्नोई गैंग के नाम पर दहशत फैलाना है, बॉलीवुड रंगदारी के लिए सबसे सॉफ्ट टारगेट माना जाता है। रोहित शेट्टी के घर हुई गोलीबारी का अभी तक कोई ठोस खुलासा नहीं हुआ है।

बिश्नोई गैंग का खतरा बढ़ा

जिससे साफ जाहिर हो रहा है कि बॉलीवुड अब बिश्नोई गैंग के निशाने पर है। रोहित शेट्टी की तरह सलमान खान के घर हुई फायरिंग और बाबा सिद्दीकी हत्याकांड की जांच भी अभी अधूरी है। एक बड़े पुलिस अधिकारी के अनुसार, जब तक शुभम की गिरफ्तारी नहीं होती या बिश्नोई बंधुओं से जेल में ही पुलिस पूछताछ नहीं करवा लेती, तब तक जांच अधूरी रहेगी और मुंबई पर बिश्नोई गैंग का खतरा मंडराता रहेगा।

प्रोड्यूसर्स गिल्ड ने जताई चिंता

रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग पर प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने चिंता जताई है। संस्था ने घटना को अत्यंत निंदनीय बताते हुए शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। संस्था ने अपने बयान में कहा कि हम रोहित शेट्टी के आवास पर गोलीबारी की इस घटना से बेहद चिंतित और व्यथित है। मुंबई के निवासियों द्वारा महसूस की जाने वाली सुरक्षा और सुरक्षा की भावना पर हम गर्व करते हैं, जो शहर को देश के प्रमुख कंटेंट प्रोडक्शन हब के रूप में स्थापित करती है। संबंधित अधिकारियों से हमारी अपील है कि वे अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़े ताकि न्याय मिल सके। संस्था ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं भविष्य में न हो, इसके लिए कड़े कदम उठाए जाएं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com