निसर्ग बिल्डर्स पर 2,58,019 का संपत्ति कर बकाया होने के कारण प्रशासन ने संपत्ति सील कर दी है। तस्वीर (सोर्स: नवभारत)
Akola Property Tax News: महानगरपालिका क्षेत्र के उत्तर जोन में बकाया संपत्ति कर की वसूली को लेकर मनपा प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। मनपा आयुक्त डॉ. सुनील लहाने के आदेशानुसार तथा अतिरिक्त आयुक्त सुमेध अलोने, उपायुक्त विजय पारतवार और सहायक आयुक्त विठ्ठल देवकते के मार्गदर्शन में संपत्तियों पर सील लगाने की कार्रवाई की गई।
उत्तर जोन अंतर्गत तिलक रोड स्थित वार्ड क्रमांक सी-3 की संपत्ति क्रमांक 860, जिसके संपत्ति धारक आकार डेव्हलपर्स (उमेश मुले) हैं और जिसका उपयोग आदिवासी लड़कों के छात्रगृह के रूप में किया जा रहा है, पर वर्ष 2017-18 से अब तक कुल 14 लाख 72 हजार 467 रुपये का संपत्ति कर बकाया था। लंबे समय से कर अदायगी न होने के कारण संबंधित संपत्ति को सील कर दिया गया।
यह भी पढ़ें:-नरनाला प्रकृति पर्यटन महोत्सव: कैलाश खेर और सलमान अली बिखेरेंगे सुरों का जादू; 15 से 17 फरवरी तक आयोजन
इसी प्रकार उत्तर जोन अंतर्गत संतोषी माता मंदिर के सामने स्थित वार्ड क्रमांक सी-2 की संपत्ति क्रमांक 2155, जिसके संपत्ति धारक राम बापट व अन्य हैं तथा कब्जेदार निसर्ग बिल्डर्स एंड डेव्हलपर्स हैं, पर वर्ष 2016-17 से अब तक 2 लाख 58 हजार 19 रुपये का संपत्ति कर बकाया पाया गया। इस संपत्ति पर भी सील लगाने की कार्रवाई की गई।
इन कार्रवाइयों के दौरान सहायक अधीक्षक पंकज जोगलेकर, वरिष्ठ लिपिक हेमंत शेलवणे, लिपिक संतोष सूर्यवंशी व दिलावर खान, मोहन घाटोले सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
अकोला मनपा प्रशासन ने संपत्ति धारकों से अपील की है कि वे अपना बकाया तथा चालू वर्ष का संपत्ति कर समय पर एकमुश्त जमा करें, ताकि सील, जब्ती और नीलामी जैसी अप्रिय कार्रवाइयों से बचा जा सके।