

Narnala Nature Festival News: अकोला जिले का गौरव माने जाने वाला मेलघाट का ऐतिहासिक नरनाला किला, समृद्ध वनसंपदा और स्थानीय संस्कृति का दर्शन कराने वाला नरनाला प्रकृति पर्यटन महोत्सव 15 से 17 फरवरी तक उत्साहपूर्वक आयोजित किया जाएगा। लंबे समय बाद हो रहे इस महोत्सव को लेकर जिले के प्रकृति प्रेमियों में खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में नागरिक इसमें हिस्सा ले रहे हैं।
जिलाधिकारी कार्यालय और वन विभाग, अकोट वन्यजीव विभाग के सहयोग से इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी वर्षा मीणा के मार्गदर्शन में विभिन्न विभागों की सहभागिता से तैयारियां की गई हैं। महोत्सव का उद्देश्य नरनाला किले का ऐतिहासिक महत्व, स्थानीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और इको-टूरिज्म के प्रति जनजागृति करना है। इसमें साहसिक खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विविध उपक्रम शामिल होंगे।
महोत्सव का मुख्य उद्देश्य प्रकृति संरक्षण के प्रति जनजागृति करना और मानव व पर्यावरण के बीच संबंध को मजबूत करना है। नरनाला किला और मेलघाट का जंगल अकोला जिले का गौरव है। जिलाधिकारी वर्षा मीणा, उपवनसंरक्षक राहुलसिंह टोलिया व प्रशासन ने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में महोत्सव में हिस्सा लेने का आवाहन किया है।
नरनाला महोत्सव में तीनों दिन शाम 5 से रात 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 15 फरवरी को 'चला हवा येऊ द्या' टीम के प्रसिद्ध मराठी कलाकार प्रस्तुति देंगे। 16 फरवरी को 'शिवशंभो गर्जना टीम' का कार्यक्रम होगा, साथ ही इंडियन आइडल विजेता सलमान अली लाइव कॉन्सर्ट प्रस्तुत करेंगे। 17 फरवरी को पद्मश्री कैलाश खेर का लाइव कॉन्सर्ट होगा।
| दिनांक | समय | प्रमुख आकर्षण |
| 15 फरवरी | शाम 4:30 बजे | उद्घाटन: पालकमंत्री आकाश फुंडकर द्वारा |
| 15 फरवरी | रात 8:00 बजे | मनोरंजन: 'चला हवा येऊ द्या' टीम की प्रस्तुति |
| 16 फरवरी | सुबह 7:00 बजे | मैराथन: अकोट डिपो से विहीर फाटा (12 किमी) |
| 16 फरवरी | रात 8:00 बजे | संगीत: इंडियन आइडल विजेता सलमान अली लाइव |
| 17 फरवरी | सुबह 6-6 बजे | ट्रेकिंग, सफारी और बोटिंग गतिविधियाँ |
| 17 फरवरी | रात 8:00 बजे | महा-संगीत: पद्मश्री कैलाश खेर का लाइव कॉन्सर्ट |
महोत्सव का उद्घाटन 15 फरवरी को शाम 4:30 बजे राज्य के श्रम मंत्री तथा जिले के पालकमंत्री एड. आकाश फुंडकर के हाथों होगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों के मान्यवर, प्रकृति प्रेमी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहेंगे।