भाजपा की 10 सीटें घटीं, कांग्रेस की 8 बढ़ीं; अकोला के नतीजों ने महायुति और अघाड़ी को किया हैरान, जानें समीकरण

Akola Municipal Corporation Result: अकोला में भाजपा 38 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी, कांग्रेस ने जीतीं 21 सीटें। बहुमत के लिए भाजपा को करनी होगी जोड़-तोड़।
Akola Election Result 2026: BJP wins 38 seats, Congress bags 21.
अकोला चुनाव परिणाम (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

Akola Election Winner List: अकोला मनपा के चुनाव परिणाम आ गए हैं। जहां पिछले कार्यकाल में भाजपा के पास 48 स्थान थे वहीं इस बार भाजपा को सिर्फ 38 स्थान मिले हैं। जबकि भाजपा ने 62 उम्मीदवार खड़े किए थे। कुल सीटें 80 हैं, उस अनुसार भाजपा को मनपा में सत्ता स्थापना के लिए काफी जोड़ तोड़ करनी पड़ेगी। वहीं दूसरी बड़ी पार्टी के रूप में कांग्रेस सामने आई है। जहां पिछले कार्यकाल में कांग्रेस के पास सिर्फ 13 स्थान थे।

वहीं इस बार कांग्रेस को 21 स्थान पर जीत हासिल हुई है। जबकि कांग्रेस ने 55 स्थानों पर उम्मीदवार खड़े किए थे। वहीं शिवसेना के पास पिछले कार्यकाल में 8 स्थान थे वे घटकर अब शिवसेना उबाठा को 6 स्थानों पर जीत मिली है। वहीं राकांपा शरद पवार गुट के पास पिछले कार्यकाल में 5 स्थान थे जो घट कर इस बार 3 हो गए हैं। इसी तरह वंचित बहुजन आघाड़ी के पास पिछले कार्यकाल में 3 स्थान थे जो बढ़कर 5 हो गए हैं।

अकोला चुनाव में पार्टी की स्थिति

शिवसेना शिंदे गुट ने 67 स्थानों पर उम्मीदवार खड़े किए थे उसमें से सिर्फ 1 स्थान तथा राकां अजीत पवार गुट ने 14 स्थानों पर उम्मीदवार खड़े किए थे उसे सिर्फ 1 स्थान प्राप्त हुआ है। वहीं एमआईएम के पास जहां पिछले कार्यकाल में सिर्फ एक स्थान था वह इस बार 3 हो गए हैं। इसी तरह पिछले कार्यकाल में निर्दलीय 5 थे लेकिन इस बार निर्दलीय को सिर्फ 1 स्थान मिला है। इसी तरह शहर विकास आघाड़ी को 1 स्थान मिला है। भाजपा को 80 में से 38 स्थान प्राप्त हुए हैं। इसी तरह शिंदे गुट को 1, राकां अजीत पवार गुट को 1 स्थान मिला है। इस तरह यह संख्या 40 होती है। इसी तरह एक निर्दलीय मिलाकर यह संख्या 41 हो सकती है। निर्दलीय चुनाव जीतने वाले आशीष पवित्रकार को इस बार भाजपा ने उम्मीदवारी नहीं दी थी, वे निर्दलीय चुनकर आए हैं। अब भाजपा ने सत्ता के लिए जोड़ तोड़ शुरू कर दी है।

विरोधी पार्टियों की ताकत बढ़ी

इस बार मनपा में कांग्रेस को 21 स्थान मिले हैं। इसी तरह शिवसेना उबाठा को 6 स्थान, राकां शरद पवार गुट को 3 स्थान, वीबीए को 5 स्थान, एमआईएम को 3 स्थान, शहर विकास आघाड़ी को 1 स्थान प्राप्त हुआ है। देखा जाए तो यह संख्या भी 39 पर पहुंच रही है।

  • 38 सीट लेकर भाजपा बनी सबसे बड़ी पार्टी
  • 21 स्थान लेकर कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही

कांग्रेस की ताकत बढ़ी

विधानसभा चुनाव में अकोला पश्चिम से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में साजिद खान पठान की जीत के बाद शहर में कांग्रेसियों की ताकत बढ़ी है तथा उत्साह बढ़ा है। इस मनपा चुनाव में यह बात सामने आ गयी है। विधायक साजिद खान पठान की रणनीति तथा कांग्रेस के महानगराध्यक्ष डा. प्रशांत वानखड़े, कांग्रेसी नेता प्रकाश तायड़े, डा. जीशान हुसैन के लगातार प्रयासों के कारण इस बार कांग्रेस को 21 सीटें प्राप्त हुई है। इस तरह एक बार कांग्रेस मनपा में एक बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। इसका पूरा श्रेय कांग्रेसियों द्वारा विधायक साजिद खान पठान को दिया जा रहा है। कुल मिलाकर कांग्रेसी काफी उत्साहित हैं।

मनपा की वर्तमान स्थिति

कुल सीटें 80, भाजपा 38, कांग्रेस 21, शिवसेना शिंदे गुट 1, राकां अजीत पवार गुट 1, शिवसेना उबाठा 6, राकां शरद पवार 3, वंचित बहुजन आघाड़ी 5, एमआईएम 3, निर्दलीय 1, शहर विकास आघाड़ी 1।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com