उमरिया में परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: बाघ के हमले में बहू की मौत के 20 दिन बाद जेठ का शव फंदे से लटका मिला
Umaria Suicide Case: उमरिया के कुदरी गांव में परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पहले टाइगर हमले में बहू की मौत हुई, अब जेठ का शव फंदे से लटका मिला। इससे पहले भी परिवार पर कई मुसीबतें आ चुकी हैं।
- Reported By: दीपक ताम्रकार | Edited By: प्रीतेश जैन
फंदे पर लटका मिला शव (फोटो सोर्स- नवभारत)
Umaria Yadav Family Tragedy: उमरिया जिले के इंदवार थाना क्षेत्र के ग्राम कुदरी निवासी एक परिवार पर लगातार आईं विपत्तियों ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। करीब तीन सप्ताह पहले बाघ के हमले में परिवार की बहू की मौत हुई थी, वहीं अब परिवार के बड़े बेटे तीरथ यादव (37 साल) का शव अमरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम देवगवा में पेड़ से लटका मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार तीरथ यादव इन दिनों अपने ससुराल देवगवा में रह रहा था। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने उसका शव पेड़ पर लटका देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों के अनुसार मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
16 मई को बाघ के हमले में भाभी की मौत
इस घटना से पहले 16 मई को तीरथ यादव की भाभी ममता यादव की बाघ के हमले में मौत हो गई थी। बताया गया कि वह तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए जंगल गई थी, जहां उस पर बाघ ने हमला कर दिया था। इस घटना के बाद से पूरा परिवार गहरे सदमे में था।
सम्बंधित ख़बरें
डिंडोरी में निर्माणाधीन पुल के डिजाइन पर उठा सवाल, विधायक ने जताई नाराजगी, अधिकारियों को दिए सुधार के निर्देश
MP Weather Report: 20 जून के बाद मानसून की दस्तक संभव, प्री-मानसून सिस्टम से बारिश और आंधी का दौर जारी
अब इलेक्ट्रिक कार से सफर करेंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव, काफिले में शामिल हुई महिंद्रा XEV 9e
उज्जैन: उन्हेल में जीतू पटवारी का वीडियो वायरल, धार्मिक दुपट्टा फेंकने का आरोप, भाजपा ने साधा निशाना
परिवार पर लगातार आ रही विपत्तियां
ग्रामीणों के अनुसार यादव परिवार पिछले कई सालों से लगातार कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहा है। परिवार की जीविका का मुख्य आधार खेती था, लेकिन कुछ साल पहले जंगली हाथियों द्वारा फसल को नुकसान पहुंचाने से आर्थिक संकट गहरा गया। इसके बाद परिवार के मुखिया कन्ना सिंह यादव का निधन हो गया।
तेंदुए के हमले में मवेशियों की मौत
परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि खेती में नुकसान के बाद परिवार ने पशुपालन के जरिए जीवन को संभालने का प्रयास किया, लेकिन तेंदुए के हमले से कई मवेशियों की भी मौत हो गई। इसी दौरान परिवार की एक बेटी गंभीर बीमारी से पीड़ित हुई, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
ये भी पढे़ं : डिंडोरी में निर्माणाधीन पुल के डिजाइन पर उठा सवाल, विधायक ने जताई नाराजगी, अधिकारियों को दिए सुधार के निर्देश
एक महीने में 2 मौतों से टूटा परिवार
अब एक महीने के भीतर परिवार की बहू और बड़े बेटे की मौत ने परिजनों को गहरे शोक में डाल दिया है। गांव में इस परिवार की चर्चा हो रही है और लोग लगातार हुई इन घटनाओं पर दुख जता रहे हैं। फिलहाल अमरपुर पुलिस तीरथ यादव की मौत के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
