इंदौर में चाइनीज मांझे से दो लोगों का कटा गला, एक शख्स की हालत बेहद गंभीर, शहर में हड़कंप

Chinese Manjha: इंदौर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक की हालत नाजुक है। पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया और जागरूकता रैली भी निकाली है। लोगों को शपथ भी दिलाई।
Two people throats were slit with Chinese manjha in Indore, one is in critical condition.
चाइनीज मांझा। इमेज-सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Indore Chinese Manjha: मध्य प्रदेश के इंदौर में चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध के बावजूद इसका इस्तेमाल थमने का नाम नहीं ले रहा। अलग-अलग इलाकों में ज चाइनीज मांझे की चपेट में आने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के गले में गहरा जख्म है। इनमें से एक की हालत चिंताजनक है।

सबसे गंभीर मामला तीन इमली ब्रिज का है। यहां हेमराज चौरसिया चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया। मांझे से गला कटने से वह सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घायल युवक को तत्काल एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। शहर के नंदानगर निवासी महेश सोनी को परदेशीपुरा में चाइनीज मांझे से गले में चोट लगी। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायलों का हाल जानने पहुंचे अधिकारी

तीन इमली ब्रिज पर हुए हादसे की जानकारी मिलते एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एमवाय अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घायल युवक की स्थिति की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हेमराज आईटी पार्क से तीन इमली ब्रिज की ओर जा रहा था, तभी कटी हुई पतंग के चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया।

पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। उन्होंने मंगलवार को हेल्पलाइन नंबर 7049108283 जारी किया है। पुलिस का कहना है कि चाइनीज मांझे के साथ पकड़े गए तीन आरोपियों ने काछी मोहल्ला और मेवाती मोहल्ला के तस्करों के नाम बताए हैं। इनमें रिजवान और जावेद को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

जागरूकता के लिए निकाली रैली

पुलिस ने शहर के लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए रैली निकालकर चाइनीज मांझे के खतरों से अवगत कराया। तिलक नगर टीआई मनीष लोधा ने कॉलोनियों में लोगों को एकत्र कर मांझे से सब्जी काटकर इसकी धार दिखाई। उन्होंने बताया कि यह मांझा ब्लेड की तरह काम करता है। यह जानलेवा साबित हो सकता है। इस दौरान लोगों को चाइनीज मांझे से पतंग नहीं उड़ाने की शपथ भी दिलाई गई। विशेषकर बच्चों को पतंग नहीं उड़ाने के लिए कहा गया। उनके अभिभावकों से भी इस बात का काफी ख्याल रखने की अपील की गई।

Navbharat Live
navbharatlive.com