रीवा RTO में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, सालों से जमे बिचौलियों पर कार्रवाई, अनधिकृत लोगों को परिसर से खदेड़ा

Rewa Collector Narendra Suryavanshi: रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने आरटीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण कर वर्षों से सक्रिय बिचौलियों और अनधिकृत वेंडर्स पर कार्रवाई की। अधिकारियों को निर्देश भी दिए।
Rewa RTO Raid
रीवा कलेक्टर की कार्रवाई (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Rewa RTO Raid: रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) में सालों से सक्रिय अनधिकृत वेंडर्स और बिचौलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कलेक्टर ने आरटीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परिसर में मौजूद कई अनधिकृत लोगों को फटकार लगाते हुए तत्काल कार्यालय परिसर से बाहर निकलवा दिया। साथ ही अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को आरटीओ परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाए।

जानकारी के अनुसार, आरटीओ कार्यालय में लंबे समय से बिचौलियों और अनधिकृत वेंडर्स के सक्रिय होने की शिकायतें प्रशासन को मिल रही थीं। आरोप था कि ये लोग वाहन पंजीयन, लाइसेंस और अन्य परिवहन संबंधी कार्यों के नाम पर लोगों से अवैध वसूली करते थे। इसके अलावा महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और अश्लील टिप्पणियां करने जैसी शिकायतें भी सामने आई थीं, जिससे आम नागरिकों और विभागीय कर्मचारियों में नाराजगी थी।

निरीक्षण में अनधिकृत लोगों की पहचान

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी स्वयं आरटीओ कार्यालय पहुंचे और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वर्षों से जमे कई अनधिकृत लोगों की पहचान कर उन्हें तत्काल परिसर से बाहर कराया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालय परिसर में केवल अधिकृत कर्मचारियों और वैध कार्य से आने वाले लोगों को ही प्रवेश दिया जाए।

अवैध गतिविधियों को नहीं किया जाएगी बर्दाश्त

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि आरटीओ कार्यालय में किसी भी प्रकार की दलाली या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों को बिना किसी बिचौलिए के पारदर्शी, सरल और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। यदि भविष्य में दोबारा अनधिकृत गतिविधियां सामने आती हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई से मचा हड़कंप

कलेक्टर की कार्रवाई के बाद आरटीओ कार्यालय में हड़कंप मच गया। वर्षों से सक्रिय बिचौलियों और अनधिकृत वेंडर्स में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। प्रशासन का कहना है कि नागरिकों को बेहतर और भ्रष्टाचार मुक्त सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है तथा इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com