आरटीओ की सख्त कार्रवाई: बिना वैध फिटनेस और परमिट दौड़ रहे 10 स्कूली वाहन जब्त

Indore Major Inspection Drive: इंदौर में कलेक्टर के निर्देश पर आरटीओ ने स्कूली वाहनों की आकस्मिक जांच के दौरान सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 वाहनों को जब्त किया।
RTO officials inspecting school vehicles during a surprise safety and document verification drive in Indore.
स्कुल की बसों की चेकिंग करता इंदौर आरटीओ विभाग का अमला (फोटो सोर्स - नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Indore RTO Inspection: स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर इंदौर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय ने छोटा बांगड़दा क्षेत्र के स्कूल वाहनों की आकस्मिक जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 10 स्कूली वाहनों को जब्त किया गया। इनमें 3 स्कूल बसें, 3 ट्रेवलर और 4 मैजिक वाहन शामिल हैं।

दस्तावेजों और सुरक्षा उपकरणों की हुई जांच

आरटीओ की टीम ने जांच के दौरान वाहनों के परमिट, फिटनेस सर्टिफिकेट, बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। साथ ही वाहनों का भौतिक निरीक्षण कर यह भी देखा गया कि वे निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन कर रहे हैं या नहीं। अधिकारियों ने फायर सेफ्टी उपकरण, स्पीड गवर्नर और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया।

सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन मिला

निरीक्षण के दौरान कई वाहन स्कूली बच्चों की सुरक्षा से जुड़े सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करते पाए गए। वहीं तीन वाहनों के परमिट और फिटनेस प्रमाणपत्र की वैधता भी समाप्त हो चुकी थी। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए मौके पर ही सभी 10 वाहनों को जब्त कर लिया गया।

अभिभावकों से भी लिया फीडबैक

जांच के दौरान अधिकारियों ने स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों से भी बातचीत की।आरटीओ के द्वारा वाहन चालकों द्वारा तेज गति से वाहन चलाने, मोबाइल फोन के उपयोग और अन्य सुरक्षा संबंधी व्यवहार को लेकर जानकारी जुटाई गई, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

यह भी पढें:

पूरे जिले में जारी रहेगा अभियान

इस कार्रवाई में इंदौर आरटीओ, एआरटीओ, आरटीओ कार्यालय का अमला और उड़नदस्ता दल शामिल रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इंदौर जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों के वाहनों की आकस्मिक जांच आगे भी लगातार जारी रहेगी। स्कूल संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि केवल फिट, वैध दस्तावेजों वाले और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने वाले वाहनों का ही संचालन सुनिश्चित करें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com