Rewa News:किताबों की जगह स्कूली बच्चों के हाथ में थमाई झाड़ू, सफाई का वीडियो वायरल, जांच के आदेश

Government School Rewa : रीवा के त्योंथर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों से झाड़ू लगवाने का वीडियो वायरल हुआ। डीईओ प्रेमलाल मिश्रा ने मामले की जांच के आदेश देते हुए दोषियों पर कार्रवाई की बात कही।
Rewa School Children Sweeping Video
सफाई करती स्कूली बच्ची (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Rewa School Children Sweeping Video: रीवा जिले के त्योंथर तहसील क्षेत्र से सरकारी शिक्षा व्यवस्था की बदहाली का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के हाथों में किताबों की जगह झाड़ू नजर आई। स्कूल परिसर में मासूम बच्चों से साफ-सफाई कराए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने जांच के आदेश दिए हैं और दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।

स्कूल में बच्चे लगा रहे थे झाड़ू

यह मामला त्योंथर तहसील के ग्राम पड़री टेढ़ कला स्थित प्राथमिक विद्यालय का है। वायरल वीडियो में छोटे-छोटे बच्चे स्कूल परिसर में झाड़ू लगाते दिखाई दे रहे हैं। इतना ही नहीं, बच्चे खुद ही टाट-पट्टी बिछाकर कक्षा की तैयारी करते हैं और उसके बाद शिक्षकों के आने का इंतजार करते हैं। यह दृश्य सरकारी स्कूलों की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

स्कूल में नहीं था कोई शिक्षक

बताया जा रहा है कि वीडियो रिकॉर्ड किए जाने के दौरान विद्यालय में कोई भी शिक्षक मौजूद नहीं था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्कूल में अक्सर इसी तरह की स्थिति बनी रहती है और बच्चों से नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाती है। एक जागरूक ग्रामीण ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला तेजी से वायरल हो गया और जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग के संज्ञान में पहुंचा।

DEO ने जांच के दिए निर्देश

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलाल मिश्रा ने कहा कि बच्चों से झाड़ू लगवाना पूरी तरह अनुचित है और यह शिक्षा विभाग के नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। डीईओ ने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी शिक्षक या कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

खड़े हुए जिम्मेदारों पर सवाल

इस घटना ने एक बार फिर सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा की गुणवत्ता और विभागीय निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच के बाद जिम्मेदारों के खिलाफ वास्तविक कार्रवाई होती है या मामला केवल जांच तक ही सीमित रह जाता है।

https://youtu.be/O2YvIk0fzds?si=E5Yz25ERKflJyS8j

Navbharat Live
navbharatlive.com