

FIH Women's Hockey World Cup 2026 India Squad: हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले 'अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ' (FIH) महिला हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान कर दिया है। 20 सदस्यीय टीम की कमान एक बार फिर सलीमा टेटे को सौंपी गई है। मुख्य कोच स्जोर्ड मारिन ने इस टीम को अनुभव और युवा खिलाड़ियों का बेहतरीन मिश्रण बताया है।
15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड में आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम फिलहाल बेंगलुरु में राष्ट्रीय शिविर में तैयारी कर रही है। हाल ही में न्यूजीलैंड में खेले गए FIH नेशंस कप में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता था और पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहा था। उसी प्रदर्शन को देखते हुए कई युवा खिलाड़ियों को वर्ल्ड कप टीम में जगह मिली है।
गोलकीपर के रूप में सविता और बिचू देवी खरिबाम को चुना गया है। डिफेंस में ईशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरंबम, लालथंतलुआंगी, ज्योति और शिल्पी डबास शामिल हैं। मिडफील्ड की जिम्मेदारी कप्तान सलीमा टेटे के साथ निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, नेहा और दीपिका सोरेंग संभालेंगी।
फॉरवर्ड लाइन में लालरेमसियामी, रुतुजा दादासो पिसाल, नवनीत कौर, दीपिका, ईशिका, बलजीत कौर और ब्यूटी डुंगडुंग को जगह मिली है।
मुख्य कोच स्जोर्ड मारिन ने टीम चयन पर कहा कि खिलाड़ियों ने पिछले कुछ महीनों में कड़ी मेहनत की है और उन्हें विश्वास है कि यह टीम विश्व की सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ चुनौती पेश करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
वर्ल्ड कप में भारत को पूल-डी में चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है। भारतीय टीम अपने सभी ग्रुप मुकाबले नीदरलैंड के वैगेनर हॉकी स्टेडियम एम्स्टलवीन में खेलेगी। भारत अपने अभियान की शुरुआत 16 अगस्त को चीन के खिलाफ करेगा। इसके बाद 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड से भिड़ेने वाले है।
गोलकीपर: सविता, बिचू देवी खरिबाम
डिफेंडर: ईशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरंबम, लालथंतलुआंगी, ज्योति, शिल्पी डबास
मिडफील्डर:सलीमा टेटे (कप्तान), निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, नेहा, दीपिका सोरेंग
फॉरवर्ड: लालरेमसियामी, रुतुजा दादासो पिसाल, नवनीत कौर, दीपिका, ईशिका, बलजीत कौर, ब्यूटी डुंगडुंग।