दतिया उपचुनाव की मतगणना शुरू: भाजपा-कांग्रेस में सीधी टक्कर, पहले रुझान पर सबकी नजर
Datia Live Updates : दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना शुरू हो गई है। भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच सीधा मुकाबला है। कुछ घंटों बाद विजेता की तस्वीर साफ हो जाएगी।
- Reported By: निशांत तिवारी | Edited By: प्रीतेश जैन
दतिया उपचुनाव के लिए मतगणना शुरू (फोटो सोर्स- AI)
Datia By Election Counting: दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए मतगणना सोमवार सुबह शुरू हो गई। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की गई, जबकि सुबह 8:30 बजे से ईवीएम में दर्ज मतों की गणना शुरू हुई। पहले रुझान सुबह करीब 9 बजे तक आने की संभावना है। चुनावी मुकाबले में भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के कुंवर घनश्याम सिंह आमने-सामने हैं। इनके अलावा सरकारी नौकरी छोड़कर राजनीति में उतरीं किन्नर संजना सहित कुल 21 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
मतगणना के लिए 21 टेबल बनाई गई हैं, जिनमें 20 टेबल ईवीएम और एक टेबल डाक मतपत्रों की गिनती के लिए निर्धारित है। पूरी प्रक्रिया 15 राउंड में पूरी होगी। मतगणना कार्य में लगभग 350 अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी मतगणना स्थल पर पहुंच चुके हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि ‘जो मां की इच्छा होगी, वही होगा।’
71.44 प्रतिशत हुआ था मतदान
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान हुआ था। कुल 2,20,410 मतदाताओं में से 1,57,473 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान प्रतिशत 71.44 रहा, जो 2023 के विधानसभा चुनाव की तुलना में करीब 9 प्रतिशत कम है। मतदान के लिए 291 मतदान केंद्र बनाए गए थे।
सम्बंधित ख़बरें
बांकीपुर में फिर खिलेगा कमल? बीजेपी को जीत का पूरा भरोसा, जश्न की तैयारी में 200 क्विंटल लड्डू तैयार- VIDEO
मुरैना में सरकारी जमीन के विवाद में खूनी संघर्ष, ताबड़तोड़ फायरिंग में दो सगे भाइयों की मौत, दो गंभीर
सावन के पहले सोमवार पर बाबा महाकाल का दिव्य श्रृंगार, दर्शन के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
दतिया उपचुनाव: परिणाम से ठीक पहले कांग्रेस का बड़ा एक्शन, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती पार्टी से निलंबित
फर्जी मतदान के भी लगे आरोप
मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर विवाद भी सामने आए। सिरोल और जिगना में फर्जी मतदान के आरोप लगे, जबकि बूथ क्रमांक 51 पर बूथ कैप्चरिंग की कोशिश का आरोप लगाया गया। वहीं रामसागर मतदान केंद्र से कांग्रेस के पोलिंग एजेंट अभिनय सिंह कुशवाहा को पुलिस पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।
राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद हुआ उपचुनाव
दतिया सीट उस समय रिक्त हुई थी, जब कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को सहकारी ग्रामीण विकास बैंक से जुड़े एक धोखाधड़ी मामले में दो वर्ष की सजा सुनाई गई। इसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई और उपचुनाव कराना पड़ा। 2023 के विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को 7,742 मतों से हराया था।
मतगणना से पहले कांग्रेस में बढ़ी सियासी हलचल
दतिया उपचुनाव के नतीजे आने से एक दिन पहले कांग्रेस ने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्यप्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने यह आदेश जारी किया। कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह ने मतदान के बाद पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ नेताओं को शिकायत भेजकर आरोप लगाया था कि राजेंद्र भारती ने चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियां कीं और भितरघात किया।
ये भी पढे़ं : दतिया उपचुनाव: परिणाम से ठीक पहले कांग्रेस का बड़ा एक्शन, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती पार्टी से निलंबित
भारती ने आरोपों को किया खारिज
हालांकि, राजेंद्र भारती ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि घनश्याम सिंह संभावित हार की आशंका से इस तरह के आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने पलटवार करते हुए दावा किया कि घनश्याम सिंह ने पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की सहमति से चुनाव लड़ा और चुनावी प्रबंधन में भाजपा से जुड़े लोगों की भूमिका रही। अब मतगणना के साथ यह साफ होगा कि दतिया की जनता ने भाजपा और कांग्रेस में से किस पर भरोसा जताया है।
