

Congress Ghanshyam Singh Election Campaign: दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार अभियान में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने बुधवार को पलोथर, जिगना सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों में जनसंपर्क कर मतदाताओं से समर्थन मांगा। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस को मजबूत करना जरूरी है।
घनश्याम सिंह ने पलोथर, जिगना और आसपास के गांवों में पदयात्रा कर ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। जनसंपर्क के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए घनश्याम सिंह ने कहा कि भाजपा नहीं चाहती कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की चर्चा हो। उनका आरोप था कि भाजपा का एजेंडा संविधान को कमजोर करना है। उन्होंने कहा कि संविधान ने सभी वर्गों को समान अधिकार दिए हैं और इसकी रक्षा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने मतदाताओं से कहा कि अगर संविधान को सुरक्षित रखना है तो कांग्रेस को जिताना होगा।
कांग्रेस प्रत्याशी ने मतदाताओं से तीसरी पार्टी के उम्मीदवारों को वोट न देने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि ऐसे उम्मीदवार केवल वोट काटने के लिए चुनाव मैदान में उतरते हैं और इससे विपक्षी मतों का बंटवारा होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस के पक्ष में एकजुट मतदान जरूरी है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता अवधेश नायक ने कहा कि घनश्याम सिंह क्षेत्र के पुराने और परखे हुए जनसेवक हैं। उन्होंने वर्षों तक जनता के बीच रहकर काम किया है और क्षेत्र की समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं। नायक ने कहा कि कांग्रेस विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ रही है।
जनसंपर्क अभियान के दौरान घनश्याम सिंह ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया और कई स्थानों पर समर्थन का भरोसा भी दिलाया।
https://youtu.be/PIw-64BXovc?si=Wg9irvsIu2BgJZEG