छिंदवाड़ा के किशनपुर में हड़कंप, सार्वजनिक कुएं का पानी पीते ही तड़पने लगे एक दर्जन ग्रामीण; साजिश या जहर?
Villagers Fall ILL In Kishanpur: छिंदवाड़ा में हड़कंप, बिछुआ के किशनपुर गांव में सार्वजनिक कुएं का पानी पीने से एक दर्जन ग्रामीण बीमार, कुएं में जहर मिलाने की आशंका, जांच शुरू।
- Reported By: मनीष तिवारी | Edited By: सजल रघुवंशी
किशनपुर में कुएं का पानी पीने से ग्रामीण बीमार (सोर्स- सोशल मीडिया)
Chhindwara Well Water Poisoning Case: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के बिछुआ ब्लॉक स्थित किशनपुर गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गांव के सार्वजनिक कुएं का पानी पीने के बाद एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों की तबीयत अचानक खराब हो गई।
बच्चों समेत कई लोगों को उल्टी, दस्त और घबराहट की शिकायत के बाद तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
पानी पीने के बाद एक-एक कर बीमार पड़ने लगे ग्रामीण
जानकारी के अनुसार, किशनपुर गांव में पेयजल आपूर्ति पंचायत के सार्वजनिक कुएं से की जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि जैसे ही लोगों ने कुएं का पानी पिया, उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते एक दर्जन से अधिक लोग बीमार हो गए। स्थिति गंभीर होते देख ग्रामीणों ने प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी प्रभावित लोगों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सम्बंधित ख़बरें
15 अगस्त पर राष्ट्रपति भवन में खास आयोजन; उज्जैन की बेटी हेमलता को मिला ‘एट होम रिसेप्शन’ का निमंत्रण
इंदौर में ‘द टेपेस्ट्री ऑफ जस्टिस’ कॉन्फ्रेंस की शुरुआत; CJI सूर्यकांत और CM मोहन यादव ने किया उद्घाटन
भोपाल में बीजेपी कार्यालय के सामने सनसनी; 4-5 बदमाशों ने युवक को घेरकर चाकू और रॉड से किया हमला
मुरैना: मरीजों की जगह प्याज ढो रही एम्बुलेंस, दो एम्बुलेंस में भरकर लाई गईं प्याज की बोरियां- देखें VIDEO
कुएं में जहरीला पदार्थ मिलाने का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर कुएं में जहरीला पदार्थ मिलाया है। उनका दावा है कि कुएं में कुछ संदिग्ध रैपर और सामग्री तैरती हुई दिखाई दी है, जिससे जहरीले पदार्थ की आशंका और बढ़ गई है। हालांकि प्रशासन ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा, कुएं की सप्लाई बंद
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। सबसे पहले कुएं से होने वाली पानी की सप्लाई को बंद कराया गया। साथ ही मोटरों की मदद से कुएं को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है ताकि उसकी सफाई और जांच की जा सके। प्रशासन ने पानी के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं।
यह भी पढ़ें: दो महीने और जीते होते तो खुद लेते पद्मश्री; दाऊ भगवानदास रैकवार के बेटे ने राष्ट्रपति से लिया पिता का सम्मान
जांच रिपोर्ट का इंतजार, गांव में निगरानी जारी
फिलहाल गांव की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार ग्रामीणों की निगरानी कर रही है और जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। हालांकि इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि जांच में जहरीला पदार्थ मिलने की पुष्टि होती है, तो यह पूरे गांव की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला होगा। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
