Katni Ambulance Viral Video: मध्य प्रदेश के कटनी जिले से स्वास्थ्य विभाग की संवेदनहीनता की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कटनी जिला अस्पताल परिसर के भीतर एक महिला 108 एंबुलेंस को धोती हुई नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि महिला का पति, राहुल बर्मन, एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसे इलाज के लिए एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया था। आरोप है कि एंबुलेंस कर्मी रोहित ने न केवल इस मुफ्त सेवा के लिए महिला से पैसे लिए, बल्कि गाड़ी गंदी होने का हवाला देकर बेबस पत्नी से ही उसकी सफाई भी करवाई। वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि जब राहगीरों ने महिला से एंबुलेंस धोने का कारण पूछा, तो उसने कर्मचारी की ओर इशारा करते हुए बताया कि उसके कहने पर ही वह गाड़ी साफ कर रही है। यह सब उस वक्त हो रहा था जब महिला का पति अस्पताल के भीतर अपनी जिंदगी के लिए जूझ रहा था। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स में भारी आक्रोश है।