मुख्यमंत्री की अपील और कार्रवाई दोनों बेअसर, रेखा यादव के साथ निकला दर्जनों गाड़ियों का काफिला
Rekha Yadav Convoy Controversy: मप्र महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा यादव दर्जनों गाड़ियों के साथ छतरपुर पहुंचीं। रेखा द्वारा आलाकमान की ईंधन बचाने की अपील को दरकिनार करने को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए हैं।
- Reported By: सुधीर दंडोतिया | Edited By: प्रीतेश जैन
दर्जनों गाड़ियों के काफिले के साथ रेखा यादव (फोटो सोर्स- नवभारत)
Rekha Yadav Chhatarpur Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा ईंधन खपत कम करने की अपील और इस अपील पर अमल ना करने वालों पर की गई कार्रवाई भी भाजपा नेताओं को शक्ति प्रदर्शन करने से रोक नहीं पा रही है। अपील और कार्रवाई दोनों से बेअसर नेता बड़े-बड़े काफिले निकाल रहे हैं। इनमें मध्य प्रदेश महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष रेखा यादव का नाम जुड़ गया है।
रेखा यादव के पहली बार छतरपुर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया, लेकिन इस दौरान निकले दर्जनों वाहनों के लंबे काफिले ने राजनीतिक बहस छेड़ दी। शहर में भाजपा कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में चार पहिया वाहन और समर्थकों की भीड़ जमा होने से कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई।
विपक्ष ने उठाए सवाल
कार्यक्रम के वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद विपक्ष ने भाजपा पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों से ईंधन बचाने और अनावश्यक खर्च कम करने की अपील करते हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा नेताओं के स्वागत में बड़े-बड़े वाहन काफिले निकाले जा रहे हैं। विपक्ष ने इसे मुख्यमंत्री मोहन की सादगी और सरकारी खर्चों में कटौती संबंधी निर्देशों के विपरीत बताया है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर साफ दिखाई दे रहा है।
सम्बंधित ख़बरें
देवास फैक्ट्री ब्लास्ट के पीड़ितों से मिले सीएम मोहन, हर संभव मदद का दिया भरोसा, कहा- दोषियों को बख्शेंगे नहीं
मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, 40 जिलों में लू का अलर्ट, कई शहरों में पारा 44 डिग्री के पार
MP News: पुलिस का ‘तेरा तुझको अर्पण’ अभियान, 1000 से ज्यादा लोगों को वापस मिले उनके खोए हुए फोन
ट्विशा शर्मा केस में नया मोड़! शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मिले चोट के निशान; परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
काफिले से राहगीरों को हुई परेशानी
स्थानीय लोगों के मुताबिक महिला आयोग अध्यक्ष के स्वागत के लिए भाजपा कार्यकर्ता दर्जनों वाहनों के साथ पहुंचे थे। सभी वाहन एक साथ भाजपा कार्यालय के सामने पहुंचने से सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ देर तक मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
ये भी पढ़ें : ईंधन बचत पर BJP सख्त, 100 गाड़ियों का काफिला लाने वाले सौभाग्य सिंह को CM का नोटिस; निरस्त हो सकती है नियुक्ति!
कार्रवाई भी बेअसर
इससे पहले लंबा काफिला निकालने वाले मप्र पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष सौभाग्य सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जबकि भिंड भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष सज्जन सिंह यादव की नियुक्ति तक निरस्त कर दी गई थी, लेकिन ये कार्रवाई भी नेताओं को रोक नहीं पा रही है।
