Women Fitness Tips: वजन घटाए बिना फिट रहना है तो महिलाएं जरूर करें स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, जानें कैसे करें शुरुआत

Muscle Building For Women: फिट रहने के लिए वजन कम करने के साथ महिलाओं को मसल्स मजबूत बनाने और हड्डियों की सेहत सुधारने के लिए स्ट्रेंथ ट्रेनिंग करनी चाहिए। जानिए वेट ट्रेनिंग के फायदे।
Strength training benefits for women muscle building.
स्ट्रेंथ ट्रेनिंगफोटो.सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • स्ट्रेंथ ट्रेनिंग से मसल्स और हड्डियों को मिलती है मजबूती।

  • बढ़ती उम्र में मसल्स की ताकत बनाए रखने में मिल सकती है मदद।

  • हफ्ते में कम से कम 2 दिन मसल्स स्ट्रेंथनिंग एक्सरसाइज करना जरूरी है।

Strength Training For Women: अक्सर फिटनेस का मतलब वजन कम करना या शरीर को स्लिम रखना माना जाता है। यही वजह है कि फिट रहने के लिए कई महिलाएं अपनी एक्सरसाइज रूटीन में वॉकिंग, योगा और कार्डियो को शामिल करती हैं, लेकिन वेट ट्रेनिंग से दूरी बनाकर रखती हैं।

महिलाओं को लगता है कि डंबल उठाने या जिम में वजन के साथ एक्सरसाइज करने से उनका शरीर बहुत ज्यादा मस्कुलर हो जाएगा।

आपको बता दें कि मजबूत मसल्स बॉडी को अच्छी शेप देता है, जिससे रोजमर्रा के काम आसानी से हो जाते हैं। उम्र बढ़ने के साथ शरीर में मसल्स मास और ताकत कम होने लगती है। ऐसे में स्ट्रेंथ ट्रेनिंग महिलाओं को लंबे समय तक एक्टिव और मजबूत बनाए रखता है।

मसल्स मजबूत होने से रोजमर्रा के काम होते हैं आसान

डेली के छोटे-बड़े काम जैसे घर के रोजाना के काम, सीढ़ियां चढ़ना, सामान उठाना या लंबे समय तक चलना, इन सभी के लिए मसल्स की ताकत जरूरी होती है। स्ट्रेंथ ट्रेनिंग से मसल्स की ताकत और सहनशक्ति बढ़ाने में मदद मिलती है। 30-40 की उम्र के बाद मसल्स को मजबूत बनाए रखना ओवरऑल हेल्थ के लिए भी फायदेमंद होता है।

हड्डियों की सेहत के लिए जरूरी है वेट ट्रेनिंग

महिलाओं में उम्र बढ़ने और मेनोपॉज के बाद एस्ट्रोजन हार्मोन लेवल कम होने लगता है, जिसका सीधा असर बोन हेल्थ पर पड़ता है। इससे ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा बढ़ता है। वेट ट्रेनिंग और अन्य वेट एक्सरसाइज हड्डियों पर नियंत्रण में दबाव डालती हैं, जिससे बोन हेल्थ बेहतर होता है।

मेटाबॉलिक हेल्थ बेहतर होता है

मसल्स शरीर में ग्लूकोज का इस्तेमाल करने वाले महत्वपूर्ण टिश्यू हैं। नियमित स्ट्रेंथ ट्रेनिंग से मसल्स की कार्यक्षमता और इंसुलिन सेंसिटिविटी बेहतर हो सकती है। इससे ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद मिलती है। इसके अलावा मसल्स मास बढ़ने से शरीर की बॉडी कंपोजिशन में भी सकारात्मक बदलाव आ सकते हैं।

बॉडी कंपोजिशन सुधारने के लिए वजन कम करने की जरूरत नहीं

अगर आपका वजन सामान्य है और आपको वेट कम नहीं करनी है, उसे कम नहीं करना चाहतीं, तब भी स्ट्रेंथ ट्रेनिंग आपके लिए फायदेमंद है। इससे मसल्स मजबूत होता है और शरीर में फैट और मसल्स के अनुपात में बदलाव आता है।

इसका मतलब है वजन में बहुत ज्यादा बदलाव किए बिना भी शरीर को अधिक मजबूत और फिट बनाया जा सकता है। वेट ट्रेनिंग से आपका वजन पहले की तरह ही रहता है, लेकिन शरीर में फैट कम और मसल्स अधिक होता है, जो आपको एक बहुत अच्छी शेप देने में मदद करता है।

बढ़ती उम्र में मसल्स की कमजोरी से बचने में मदद

उम्र के साथ मसल्स मास और ताकत में धीरे-धीरे कमी आने लगती है। इस स्थिति को मसल्स की कमजोरी यानी सार्कोपेनिया कहा जाता है। नियमित रेजिस्टेंस ट्रेनिंग मसल्स की ताकत और उसकी वर्क एबिलिटी बढ़ाता है। इससे चलने-फिरने और अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होती है।

महिलाओं के लिए कौन-सी स्ट्रेंथ ट्रेनिंग बेहतर है

अगर आप वेट ट्रेनिंग शुरु करना चाहती हैं, तो शुरुआत हल्के वजन या बॉडी वेट के साथ करें। धीरे-धीरे क्षमता बढ़ने पर वजन और उसकी रफ्तार बढ़ाएं। इसके लिए स्क्वाट्स, डंबल रो, पुश अप्स, लंजेस, डंबल शोल्डर रो और ग्लूट ब्रिज से शुरुआत की जा सकती है। इससे पैर, पीठ, छाती, कंधे और शरीर के कई अंग मजबूत होते हैं।

Strength training benefits for women muscle building.
Bridal Skincare: शादी से 30 दिन पहले सुबह से रात को सोने तक ऐसे रखें अपना ख्याल, चेहरे पर दिखेगा गजब का निखार

हफ्ते में कितने दिन करनी चाहिए स्ट्रेंथ ट्रेनिंग?

विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, एक वयस्क को हफ्ते में कम से कम 2 दिन ऐसी एक्सरसाइज करनी चाहिए, जो मेन मसल्स ग्रुप को मजबूत बनाए। इसके साथ हफ्ते में 150 से 300 मिनट की मॉडरेट इंटेंसिटी वाली एरोबिक एक्टिविटी भी फायदेमंद हो सकती है।

शुरुआत में महिलाएं हफ्ते में 2 दिन फुल बॉडी स्ट्रेंथ ट्रेनिंग करें और फॉर्म का खास ध्यान रखें। साथ ही बहुत अच्छा प्रोटीन रिच डाइट लें और 7-9 घंटे की क्वालिटी स्लीप लें। इसके लिए खाने में दाल, दूध, दही, पनीर, सोया और अंडे शामिल करें।